किसानों के दिल्ली कूच के चलते जिले की सीमाएं चारों ओर से सील चल रही हैं। इसी कारण यात्री पिछले चार दिनों से धक्के खा रहे हैं। विशेषकर दैनिक यात्रियों जिसमें नौकरी पेशा वर्ग और विद्यार्थी वर्ग शामिल हैं उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। इन यात्रियों को शुक्रवार को और भी ज्यादा परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। पहले तो जैसे-तैसे हरियाणा रोडवेज की इक्का-दुक्का बस जिले से चल रही थी और दूसरे डिपु की बसों से भी यात्री सफर कर रहे थे लेकिन शुक्रवार को पूरी तरह से चक्का जाम रहेगा। अंबाला डिपो की कोई भी बस डिपो से बाहर नहीं निकलेगी और जो बस जिले से बाहर है वह भी वहीं रहेगी। लिहाजा बसों के जरिए सफर करने वाले यात्रियों को केवल प्राइवेट परिवहन समितियों की बसों का ही सहारा रहेगा। आंदोलन के चलते दिल्ली से चंडीगढ़ और दिल्ली से अमृतसर वाया करनाल-कुरुक्षेत्र जाने के लिए कुरुक्षेत्र के शाहाबाद से रूट डायवर्ट किए गए हैं। शाहाबाद से साहा वाया शहजादपुर-पंचकूला होकर ही चंडीगढ़ और पटियाला या अमृतसर वाहन जा सकते हैं।
Farmers Protest: घर से देखकर निकलें, आज नहीं चलेंगी रोडवेज बसें,
