हरियाणा में सिंगर बादशाह के खिलाफ FIR, ‘टटेरी’ गाने को लेकर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

हरियाणा पुलिस ने मशहूर रैपर और सिंगर आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘टटेरी’ (Tateeree) को लेकर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस ने बादशाह को तुरंत थाने में पेश होने के लिए नोटिस भी जारी किया है। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि वह देश छोड़ सकते हैं, इसलिए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

आपत्तिजनक कंटेंट का आरोप

पुलिस के अनुसार, इस गाने के वीडियो में स्कूली यूनिफॉर्म पहने नाबालिग लड़कियों को अपने बैग फेंककर पढ़ाई से भागते हुए दिखाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में इस्तेमाल किए गए शब्द जैसे “बादशाला” स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत करते हैं।

इसके अलावा गाने में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

इस मामले में 6 मार्च को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया।

बादशाह के खिलाफ निम्न धाराओं में कार्रवाई की गई है:

  • भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296

  • Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

वीडियो में हरियाणा रोडवेज बस का इस्तेमाल

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या वीडियो शूट के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं।

अगर बिना अनुमति बस का इस्तेमाल किया गया पाया गया, तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया से हटाया गया गाना

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाने को यूट्यूब चैनल से हटवा दिया है और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी वीडियो हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

इसके अलावा पुलिस लगातार कोशिश कर रही है कि इस गाने से जुड़े रील्स और शॉर्ट वीडियो भी अलग-अलग म्यूजिक प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया अकाउंट से हटाए जाएं।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट को बनाकर या साझा करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Haryana 24x7

Overlook INDIA is one of the latest Hindi news portals through which you can get all updated local Delhi based, national and international news round the clock. In order to get more information, you may visit at overlook.co.in.