छह अक्टूबर को पंजाब से हरियाणा में प्रवेश करेगी राहुल गांधी की यात्रा : सैलजा

कुरुक्षेत्र -कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की खेती बचाओ ट्रैक्टर यात्रा मंगलवार दोपहर को पंजाब से हरियाणा में प्रवेश करेगी। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने रविवार शाम को पिपली रोड स्थित एक निजी पैलेस में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनकी ड्यूटियां लगाई। उन्होंने बताया कि यात्रा में ट्रैक्टरों के काफिले के साथ राहुल गांधी पिहोवा अनाज मंडी जाएंगे और इसके बाद शाम को थानेसर अनाज मंडी में पहुंचने के बाद रात को कुरुक्षेत्र में ही रुकेंगे। इसके बाद सुबह यात्रा शुरू होते ही पिपली की अनाज मंडी में जाएंगे और उसके बाद करनाल के लिए रवाना हो जाएंगे। उन्होंने इस यात्रा की सफलता से कार्यकर्ताओं से दिन-रात एक करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में पहुंचे राहुल गांधी किसानों से बातचीत भी करेंगे। उन्होंने अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों की अलग-अलग स्थलों पर ड्यूटियां लगाई। इस मौके पर लाडवा विधायक मेवा सिंह, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, कांग्रेस नेता राजकुमार पिडारसी, पवन चौधरी, सुरेश युनिसपुर, जलेश शर्मा, विनोद गर्ग, जसबीर खनौदा मौजूद रहे।

काम करने वालों को पार्टी में प्राथमिकता के लिए करवाई जाएगी वीडियो ग्राफी

प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि ट्रैक्टर यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगानी होगी। जो कार्यकर्ता कांग्रेस के कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपनी ताकत लगाएगा आने वाले दिनों में पार्टी भी उनको प्राथमिकता देगी। इस बात पर नजर रखने के लिए सभी जिलों के बार्डर पर वीडियो ग्राफी करवाई जाएगी। इससे इस बात की जानकारी मिलेगी कि किस नेता के साथ कितने लोग और ट्रैक्टर यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।

पिपली पहुंचेंगे यमुनानगर के कार्यकर्ता

कुमारी सैलजा ने कहा कि यमुनानगर के कार्यकर्ता सात अक्टूबर को पिपली पहुंचेंगे। पिपली में राहुल गांधी सुबह अनाज मंडी में पहुंचकर किसानों से बातचीत करेंगे।

गीता की जन्मस्थली पर भी रुक सकते हैं राहुल गांधी

राहुल गांधी मंगलवार को पिहोवा से कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। इसी रास्ते पर गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ भी आता है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ज्योतिसर तीर्थ पर भी पूजा के लिए पहुंच सकते हैं। इसके लिए भी कई कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।

oldAuthor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *