अंबाला-भाजपा नेत्री के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाने वाले मंडल अध्यक्ष और बालसमंद मंडल अध्यक्ष के बेटे अमित बिसला को भाजपा ने पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। ब्राह्मण वोटरों की नाराजगी के डर से पार्टी ने शशिकांत शर्मा को काजला मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी द्वारा मना करने पर बार-बार मीडिया में बयानबाजी और पार्टी लाइन से हटकर चलने पर पहले तो सुभाष शर्मा को पद से हटाया, मगर इसका विरोध करने पर और जिला कार्यालय के बाहर गेट पर दरी बिछाकर बैठने पर पार्टी ने छह साल के लिए निलंबित कर दिया। इसके अलावा भाजपा ने दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है जिसमें जिला प्रभारी डा. ओपी पहल और जिलाध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ङ्क्षसह शामिल हैं। दोनों इस मामले में सुनवाई करेंगे और अपनी रिपोर्ट प्रदेशाध्यक्ष को सौंपेंगे।
पहले ही हटा दिया ता पद से, बैठक में जाने से रोका
शनिवार को भाजपा कार्यालय में सात जिलों के मंडल अध्यक्षों व किसान मोर्चा के जिला काडर की एक दिन की वर्कशॉप थी। इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ को सुभाष शर्मा और अमित बिसला से मुलाकात करने थी। प्रदेशाध्यक्ष तय समय से दो घंटे देरी से दोपहर करीब 12 बजे भाजपा कार्यालय आए और सीधा वर्कशॉप में चले गए। जब उनके पीछे सुभाष शर्मा जाने लगे तो उनको वर्कशॉप में जाने नहीं दिया और कहा कि आपका नाम मंडल अध्यक्ष की सूची में नहीं है। सुभाष शर्मा ने कहा कि वह काजला से मंडल अध्यक्ष हैं मगर सूची में काजला से शशिकांत शर्मा को मंडल अध्यक्ष बताकर एंट्री नहीं दी। जिला अध्यक्ष की तरफ से मैसेज दिया गया कि सुभाष शर्मा को पद हटा दिया गया है। वर्कशॉप के बाद उनसे बात की जाएगी। मगर इस बात पर सुभाष शर्मा नाराज हो गए।