भोपाल. सर्द हवाओं की वजह से पूरा प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। राज्य में बुधवार को 26 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडी रात दतिया में दर्ज की गई। यहां पर न्यूनतम 4.1 डिग्री और सागर में 4.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। श्योपुर में 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के चलते प्रदेश के शिवपुरी, श्योपुर और विदिशा में स्कूलों के समय में भी परिवर्तन किया गया।
बुधवार को सुबह से ही पूरे प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा है। हालांकि राजधानी भोपाल में सुबह 10.30 बजे के बाद धूप खिल गई, जिससे ठंड से हल्की राहत मिली है। प्रदेश के शिवपुरी, श्योपुर और विदिशा में स्कूलों के समय में भी परिवर्तन किया गया। शिवपुरी कलेक्टर अनुग्रह पी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब सुबह 9 बजे से स्कूल लगेंगे। वहीं दो पालियों में लगने वाले स्कूलों का समय दो पारियों में लगने वाले स्कूलों का समय 10:00 बजे के बाद से रखा गया है।
इधर, विदिशा के कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह में सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों के समय में परिवर्तन करते हुए स्कूलों का समय साढ़े 8.30 बजे से संचालित किए जाएंगे। जिले के समस्त शासकीय अशासकीय, सीबीएसई एवं अनुदान प्राप्त विद्यालय सुबह साढे 8 बजे के पूर्व संचालित किए जाए। साथ ही किसी भी विद्यालय की स्कूल बस, वैन, ऑटो इत्यादि 8 बजे के पूर्व छात्रों को लेने ना पहुंचे का कड़ाई से पालन करें।
श्योपुर जिला प्रशासन ने कड़ाके की ठंड की वजह से चार दिन में तीन बार स्कूलों का समय बदला है। बुधवार प्रशासन की तरफ से निर्देश दिए गए हैं कि कक्षा एक से 5वीं तक की कक्षाओं के लिए सुबह 10 बजे के बाद स्कूल संचालित किए जाएंगे।
फसलों को पानी देते रहना पड़ेगा
प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को सलाह दी गई है कि भाई फसलों के छोटे पौधों को ज्यादा ठंड से सुरक्षित रखने के लिए पानी फसलों में देते रहें एवं शाम के समय खेत के आसपास आग जलाकर धुआ करें, जिससे फसलों सर्दी से बचाया जा सके। मौसम विभाग के अनुसार किसानों की फसलें खासकर चना और सरसों तथा धनिया में पाला पड़ने संभावना है।
भीषण सर्दी से बाजार सूने, अलाव में बैठे लोग
उमरिया कड़ाके की ठंड की चपेट में है, इसके चलते यहां आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बाजार सुनसान है। लोग ठंड से बचने अलाव का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कड़ाके की ठंड की वजह से बाजार सुनसान है। कड़ाके की ठंड के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन द्वारा जगह जगह अलाव की व्यवस्था की गयी है।
सर्द हवाओं की चपेट में श्योपुर जिला
सर्द हवाओं से मध्यप्रदेश के श्योपुर जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में है। यहां पिछले तीन दिन में रात का पारा लगभग 4 डिग्री तक लुढ़क गया, जिसका असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। मौसम केंद्र के अनुसार पिछले चार दिन से पारा लगातार गिर रहा है। 15 दिसंबर को रात का ताममान 9 डिग्री से कल 07 डिग्री पर पहुंचा गया, जो बुधवार को लुढ़ककर 5.4 डिग्री पर आ गया है।
इन जिलों में ये रहा न्यूनतम तापमान
दतिया 4.1, सागर 4.8, बैतूल 8.0, भोपाल 8.2, धार 8.4, गुना 5.6, ग्वालियर 5.8, इंदौर 9.8, खरगौन 9.8, पचमढ़ी 7.8, रायसेन 7.0, राजगढ़ 6.5, रतलाम 7.0, शाजापुर 7.4, श्योपुर 5.4, शिवपुरी 5.8. उज्जैन 9.0, छिंदवाड़ा 9.5, दमोह 7.5, खजुराहो 7.0, नरसिंहपुर 8.2, रीवा 8.2, नौगांव 6.2, सतना 9.2, सीधी 9.0, टीकमगढ़ 6.4, उमरिया में 8.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।