झारखंड विस चुनाव / दूसरे चरण में सीएम, मंत्री, पूर्व मंत्री व पूर्व नक्सली आजमा रहे किस्मत, मैदान में 260 उम्मीदवार|

रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 सीटों पर 7 दिसंबर को वोटिंग होनी है। इस चरण में कुल 260 उम्मीदवार मैदान में हैं। यह चरण काफी खास माना जा रहा है क्योंकि इसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, दलबदलू विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व आईपीएस व पूर्व नक्सली अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सबसे रोचक मुकाबला जमशेदपुर पूर्वी में होने वाला है। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ उनकी ही कैबिनेट के मंत्री व भाजपा के बागी नेता सरयू राय निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

तमाड़ विस सीट से विधायक रहे पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा के हत्यारोपी नक्सली कुंदन पाहन के खिलाफ हत्या की सुपारी देने के आरोपी पूर्व मंत्री राजा पीटर चुनाव मैदान में हैं। रमेश सिंह मुंडा के पुत्र और इस सीट से निवर्तमान विधायक विकास सिंह मुंडा भी झामुमो के टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं। इधर, 2014 विस चुनाव में बहरागोड़ा विस सीट से झामुमो के टिकट पर विधायक बने कुणाल षाड़ंगी इस बार भाजपा प्रत्याशी के तौर पर इसी भाग्य आजमा रहे हैं। मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व आईपीएस रेजी डुंगडुंग, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भी विभिन्न सीटों से ताल ठोंक रहे हैं।

सबसे बड़ा दागी पूर्व नक्सली कुंदन पाहन
भाकपा माओवादी के झारखंड रीजनल कमेटी का सचिव रहा 15 लाख रुपए के इनामी कुंदन पाहन ने मई 2017 में सरेंडर किया था। उस पर पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा, सांसद सुनील महतो, डीएसपी प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर फ्रांसिस इंदवार की हत्या समेत हत्या के 77 मामले दर्ज हैं। आईसीआईसीआई बैंक के कैश वैन से पांच करोड़ रुपए और एक किलो सोना लूटने में भी वह आरोपी है। फिलहाल हजारीबाग ओपेन जेल में है।

दूसरे चरण में चार विस क्षेत्र में दो-दो ईवीएम लगेंगे
सबसे ज्यादा जमशेदपुर पूर्वी-पश्चिमी में 20-20, सबसे कम सरायकेला सीट से 7 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्वी सिंहभूमि जिले के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ( बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगलसलाई, जमशेदपुर पूर्वी व जमशेदपुर पश्चिमी ) में 90 उम्मीदवार हैं। घाटशिला से प्रत्याशियों की संख्या 16 होने के कारण दो ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। इसी तरह मझगांव में भी दो इवीएम का उपयोग होगा। जमशेदपुर पूर्वी व पश्चिमी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में भी दो-दो ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा।

दूसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवार

सीट प्रत्याशी
जमशेदपुर पूर्वी सीएम रघुवर दास (भाजपा)
जमशेदपुर पूर्वी भाजपा के बागी सरयू राय (निर्दलीय)
जमशेदपुर पश्चिमी बन्ना गुप्ता (कांग्रेस)
चक्रधरपुर लक्ष्मण गिलुवा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
खूंटी नीलकंठ सिंह मुंडा (भाजपा)
बहरागोड़ा कुणाल षाड़ंगी (भाजपा)
सरायकेला चंपई साेरेन (झामुमाे)
जुगलसलाई रामचंद्र सहिस (आजसू)
सिमडेगा पूर्व आईपीएस रेजी डुंगडुंग (झापा)
मांडर बंधु तिर्की (झाविमो)
तमाड़ विकास सिंह मुंडा (झामुमो)
तमाड़ पूर्व मंत्री राजा पीटर (एनसीपी)
तमाड़ पूर्व नक्सली कुंदन पाहन (झापा)

इन सीटों पर 7 दिसंबर को होना है मतदान

सीट कुल प्रत्याशी
बहरागोड़ा 14
घाटशिला 16
पोटका 10
जुगसलाई 10
जमशेदपुर पूर्वी 20
जमशेदपुर पश्चिमी 20
सरायकेला 07
खरसावां 16
चाईबासा 13
मझगांव 16
जगरनाथपुर 13
मनोहरपुर 14
चक्रधरपुर 12
तमाड़ 17
सिसई 10
मांडर 13
तोरपा 08
खूंटी 11
सिमडेगा 11
कोलेबिरा 09

Haryana 24x7

Overlook INDIA is one of the latest Hindi news portals through which you can get all updated local Delhi based, national and international news round the clock. In order to get more information, you may visit at overlook.co.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *