प्रियंका गांधी का वाराणसी में जोरदार स्वागत, संत रविदास मंदिर में करेंगी संवाद

कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाराणसी पहुंच गई हैं। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव प्रियंका गांधी सुबह 10:20 बजे पहुंची। इस दौरान एयरपोर्ट पर उनके स्वागत में विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, अजय राय, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पटेल के साथ ही दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

पहले वह राजघाट स्थित संत रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद पञ्चगंगा घाट स्थित श्री मठ में भी जाएंगी। इसके बाद सीएए के विरोध पर जेल भेजे गए 65 प्रदर्शनकारियों से संवाद करेंगी।
वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में जीते हुए पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगी। गुरुवार को कांग्रेस के नेताओं ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। प्रियंका के काशी आगमन को लेकर दिनभर कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे रहे।
पूर्व मंत्री अजय राय, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, प्रदेश महासचिव विश्वविजय समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविदास मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट से प्रियंका राजघाट आएंगी। वह संत रविदास मंदिर में दर्शन के अलावा मां गंगा का पूजन भी करेंगी।
मृत बच्चे की दादी को सौंपा 50 हजार का चेक
प्रियंका के दौरे से पहले गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बजरडीहा की घटना में मृत बच्चे की दादी शहनाज अख्तरी को 50 हजार रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान यूपी के सह प्रभारी बाजीराव खाड़े, निजी सचिव संदीप, प्रजानाथ शर्मा, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे आदि  मौजूद रहे।

देर रात तक बरकरार रहा असमंजस

प्रशासन की ओर से जारी प्रियंका के कार्यक्रम के अनुसार, प्रियंका गांधी के एयरपोर्ट से गुलेरिया कोठी तक कार्यक्रम की सूचना दी गई है। गुलेरिया कोठी पर ही संवाद का कार्यक्रम भी रखा गया है। हालांकि बनारस कांग्रेस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पदाधिकारियों ने कहा कि देर रात तक नए स्थान का चयन किया जाएगा, जहां वह जेल जाने वालों और बजरडीहा पीड़ितों से मिलेंगी।

सादे कपड़े में तैनात रहेगी पुलिस
प्रियंका के बनारस दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमा भी सतर्क है। बृहस्पतिवार को सुरक्षाधिकारियों क ी बैठक में प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए। प्रियंका के बाबतपुर से राजघाट तक मार्ग पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। सादे कपड़े में भी पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

admin2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *