मोगा. मोगा में निहंगों द्वारा 11 मरले के एक प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि इन लोगों ने कब्जे की कोशिश में दीवार गिराने के दौरान का वीडियो बनाने वालों को भी धमकाया। इस मामले में पुलिस ने 37 लोगों के खिलाफ केस दर्ज दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इनमें 35 लोग अज्ञात हैं। साथ ही इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मामला कस्बा बाघापुराना का है। इस बारे में कस्बे के पुराना पत्ती निवासी हरमिंदर पाल सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसने 2006 में बलदेव सिंह पुत्र महिंदर सिंह पुराना पत्ती से 11 मरले जमीन खरीदी थी। रजिस्ट्री उसके नाम पर है। इसके बाद तरसेम सिंह ने 11 मरले जमीन को लेकर उसके खिलाफ अदालत में केस दायर कर दिया था। 25 दिन पहले हाईकोर्ट दवारा उसके हक्क में स्टेटस-को कर दिया। इसके बाद तरसेम सिंह व राजकमल सिंह ने मिलकर कुछ निंहग सिंहों को इकट्ठा करके चार दिन पहले 100 के करीब लोगों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। उन्होंने जमीन के चारों ओर हथियार लेकर घेरा डाल लिया था। इस बात की भनक लगने पर हरमिंदर पाल ने थाने में जाकर लिखित शिकायत दी। उस समय कब्जा किसी तरह रुक गया, लेकिन 10 दिसंबर को निहंग सिंहों ने दीवारें तोड़ दी। इतना ही नहीं इन लोगों ने मोबाइल पर वीडियो बनाने वालों को मोबाइल बंद करने के लिए बरछा दिखाकर धमकाया। फायर भी किए। यह सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया।
उधर मामले की सूचना मिलने के बाद डीएसपी केसर सिंह, एसएचओ कुलविंदर सिंह समेत पुलिस पार्टी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कब्जा करने वाले लोगों को मौके से खदेड़ा। मौका मिलते ही निहंग भी वहां से खिसक गए। पुलिस ने जमीन मालिक की शिकायत पर तरसेम सिंह, राजकमल सिंह के अलावा 35 अज्ञात कब्जाधारियों के खिलाफ धारा 447, 427 व 511 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है।