रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) का मुनाफा अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 11,640 करोड़ रुपए रहा। यह अब तक का सबसे ज्यादा है। मुनाफे में सालाना आधार पर 13.5% और तिमाही आधार पर 3.4% इजाफा हुआ है। जुलाई-सितंबर तिमाही में 11,262 करोड़ रुपए और 2018 की दिसंबर तिमाही में 10,251 करोड़ का प्रॉफिट हुआ था। कंपनी ने शुक्रवार को तिमाही नतीजे घोषित किए। कंपनी का ग्रॉस रिफाइनिंग मार्जिन 9.2 डॉलर प्रति बैरल रहा। सितंबर तिमाही में 9.4 और 2018 की दिसंबर तिमाही में 8.8 डॉलर प्रति बैरल था।
रेवेन्यू सालाना आधार पर 1.4% कम, तिमाही आधार पर 2.5% ज्यादा
अक्टूबर-दिसंबर 2019 | जुलाई-सितंबर 2019 | अक्टूबर-दिसंबर 2018 | |
मुनाफा (रुपए करोड़) | 11,640 | 11,262 | 10,251 |
रेवेन्यू (रुपए करोड़) | 1,68,858 | 1,64,769 | 1,71,300 |
जियो का मुनाफा 62.5%, रेवेन्यू 28% बढ़ा
आरआईएल की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो को दिसंबर तिमाही में 1,350 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ। यह सालाना आधार पर 62.5% और तिमाही आधार पर 36.4% ज्यादा है। जुलाई-सितंबर तिमाही में 990 करोड़ रुपए और 2018 की दिसंबर तिमाही में 831 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ था। ऑपरेटिंग रेवेन्यू 13,968 करोड़ रुपए रहा। इसमें सितंबर तिमाही के मुकाबले 6.4% और 2018 की दिसंबर तिमाही के मुकाबले 28.3% ग्रोथ दर्ज की गई।
31 दिसंबर तक जियो के सब्सक्राइबर : 37 करोड़ (सालाना 32.1% ग्रोथ)
दिसंबर तिमाही में प्रति यूजर औसत रेवेन्यू (एपीआरयू) : प्रति महीने 128.4 रुपए
दिसंबर तिमाही में मोबाइल डेटा ट्रैफिक : 1,208 करोड़ जीबी (सालाना 39.9% ग्रोथ)
दिसंबर तिमाही में वॉइस ट्रैफिक : 82,640 करोड़ मिनट (सालाना 30.3% ग्रोथ)
कंपनी पर 3 लाख 6 हजार 851 करोड़ रुपए का कर्ज
कंपनी ने 31 दिसंबर को खत्म तिमाही में इतना कर्ज होना बताया है। 31 मार्च तक कर्ज की रकम 2 लाख 87 हजार 505 करोड़ रुपए थी। दिसंबर तिमाही के आखिर में कंपनी के पास 1 लाख 53 हजार 719 करोड़ रुपए की नकदी मौजूद थी। 31 मार्च 2019 तक 1 लाख 33 हजार 27 करोड़ रुपए का कैश मौजूद था। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने नतीजों पर कहा कि दुनिया भर में आर्थिक माहौल सुस्त रहने और एनर्जी मार्केट में उतार-चढ़ाव की वजह से पेट्रोकेमिकल्स बिजनेस का मुनाफा प्रभावित हुआ। लेकिन, इस बात की खुशी है कि कंज्यूमर बिजनेस हर तिमाही में नए आयाम छू रहा है।
आरआईएल के शेयर में 2.79% तेजी
बीएसई पर शेयर शुक्रवार को 2.79% बढ़त के साथ 1,580.65 पर बंद हुआ। एनएसई पर 2.80% ऊपर 1,581 रुपए पर क्लोजिंग हुई। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजे घोषित किए। इसलिए, शेयर पर नतीजों का असर सोमवार को दिखेगा।