फिरोजपुर. फिरोजपुर में एक लड़की के साथ उसके अपने पिता द्वारा गलत काम किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप यह भी है कि अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म करने के बाद इसकी जानकारी किसी को न देने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकियां दी थी। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पिता पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
मामला फिरोजपुर जिले के एक गांव का है। इस बारे में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक लड़की ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 1 जनवरी को उसकी मां और पिता के बीच कुछ विवाद हुआ। झगड़े के बाद मां ताऊ के घर चली गई। पीछे से रात में उसके साथ उसके पिता ने जबरन गलत काम किया। जब उसने शोर मचाने की कोशिश की तो पिता ने उसका गला दबाकर जान से मारने की धमकियां दी। इसके बाद 2 जनवरी को जब उसकी मां दोपहर करीब 12 बजे घर पर वापस आई तो उसने सारी घटना की जानकारी उसे दी।
मां-बेटी दोनों ने थाना घल्लखुर्द पुलिस को शिकायत दी। इस मामले की जांच कर रही सब इंस्पेक्टर लवनीत कौर ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लड़की का मेडिकल करवाया जाएगा, जिसमें रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, लेकिन जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा। पीड़ित लड़की की मानें तो उसके पिता ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया है।