नागरिकता कानून / यूपी के 7 शहरों में बवाल; फिरोजाबाद में प्रदर्शनकारियों ने चौकी फूंकी, गोरखपुर-बहराइच में आंसू गैस के गोले फेंके गए

लखनऊ. गुरुवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व संभल में हिंसक प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को फिरोजाबाद में प्रदर्शनकारियों ने आगजनी, पथराव व तोड़फोड़ की है। जुमे की नमाज के बाद छोटे-छोटे गुटों में उतरे प्रदर्शनकारियों ने नालबंद पुलिस चौकी को जला दिया। दो बाइकों में भी आग लगा दी। पुलिस फोर्स हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे हैं। लाठीचार्ज भी की गई। आरोप है कि, रुक-रुककर भीड़ की तरफ से फायरिंग की जा रही है। अभी हालात पर काबू नहीं पा जा सका है। यहां इंटरनेट बंद है।

बहराइच में शहर के घंटाघर इलाके में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद लोग नागरिकता कानून के विरोध में सड़क पर उतर आए। पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया। 6 बार आंसू गैस के गोले दागे गए हैं। हालात पर अभी काबू नहीं पाया जा सका है।

गोरखपुर में जुमे की नमाज के बाद लोग जुलूस की शक्ल में घंटाघर की ओर बढ़ रहे थे। कोतवाली इलाके के नखास चौक पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो जुलूस में शामिल लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को भगाया है। आंसू गैस के गोले भी दागे गए हैं। वर्तमान में हालात तनाव पूर्ण है, लेकिन स्थिति पर काबू पा लिया गया है।

भदोही में नगर कोतवाली इलाके में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मुस्लिमों ने जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।

सीतापुर के लहरपुर में नमाज के बाद बवाल किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोस्टर फाड़े गए। मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग सड़कों पर उतरे थे। पुलिस बल ने लाठियां फटकार कर उन्हें मौके से खदेड़ा है। वहीं, बिजनौर के नटहौर में नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन हुए। यहां अचानक भीड़ बेकाबू हो गई। पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। दो पुलिसकर्मियों समेत 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को तितर-बितर किया है।

वहीं, मुरादाबाद में जामा मस्जिद में नमाज के बाद करीब एक लाख लोग जीआईसी चौक पर विरोध में उतरे हैं। आरएएफ, पीएसी व पुलिस लगा दी गई है। नागरिकता कानून के विरोध में काले गुब्बारे उड़ाए गए और सरकार विरोधी नारे लगे। लोग धरने पर बैठ गए हैं।

यूपी में अब 3305 हिरासत में

उत्तर प्रदेश में धारा 144 प्रभावी होने के बाद भी राजधानी लखनऊ और संभल में गुरुवार को नागरिकता कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुआ। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न जिलों में 3305 लोगों को हिरासत में लिया गया है। संभल में पथराव और आगजनी मामले में सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क समेत 17 पर केस दर्ज किया गया।

लखनऊ में 7 एफआईआर लिखी गई। यहां 200 लोगों को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते प्रशासन सतर्क है। 20 जिलों में इंटरनेट ठप है। वहीं गुरुवार को लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से मृत वकील नाम के युवक का आज डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। जुमे की नमाज के बाद हालात फिर से बेकाबू न हों, इसके लिए हिंसा प्रभावित इलाके में फोर्स लगी है। दुकानें बंद हैं। सड़कों पर आवागमन बेहद कम है।

संभल में सपा सांसद पर एफआईआर

गुरुवार को संभल में सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क की अगुवाई में कई मुस्लिम संगठन सड़क पर उतरे थे। इस दौरान रोडवेज की 3 बसों में आगजनी की गई। पुलिस पर पथराव किया गया। एसपी संभल यमुना प्रसाद ने बताया कि सपा सांसद के अलावा, सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष फिरोज खां, नगर पालिकाध्यक्ष के पति हाजी शकील समेत 17 नामजद और सैकड़ों पर केस दर्ज किया गया। गुरुवार देर रात तक 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

लखनऊ: 200 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया
गुरुवार को हुए बवाल में प्रदर्शनकारियों के हमले में 51 पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने 200 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। 7 केस दर्ज हुए हैं। गुरुवार को लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से वकील नाम के युवक की मौत हो गई थी। मृतक के पिता मोहम्मद शरफुद्दीन ने कहा कि वह अपनी पत्नी की दवा लेने आया था। वापस आते समय गली में भगदड़ हुई तो वह रोड पर आ गया। इसी दौरान उसे गोली लगी। गोली किस तरफ से लगी, यह नहीं पता। वकील ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था।

आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने पर 13 केस
प्रदेश में कई जिलों में हुए प्रदर्शन मामले में पुलिस ने देर रात तक 3305 लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में 13 पर एफआईआर दर्ज की। इनमें 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि, 1786 ट्वीटर पोस्ट और 3037 फेसबुक और 38 यूट्यूब पोस्ट को हटाने के लिए संबंधित कंपनियों से संपर्क किया गया।

इन जिलों में इंटरनेट बंद

उन्नाव, सुल्तानपुर, आगरा, संभल, लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर, मऊ, आजमगढ़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, प्रयागराज, बागपत, हापुड़, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, फिरोजाबाद समेत 20 जिलों में इंटरनेट ठप है।

Haryana 24x7

Overlook INDIA is one of the latest Hindi news portals through which you can get all updated local Delhi based, national and international news round the clock. In order to get more information, you may visit at overlook.co.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *