बेमेतरा. छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में एक महिला और उसके बच्चे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों का शव घर के कमरे से शुक्रवार सुबह बरामद हुआ है। घटना के बाद से महिला का पति गायब है। ऐसे में पुलिस को अंदेशा है कि दोनों की हत्या करने के बाद पति फरार हो गया है। फिलहाल, हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है। इसके बाद ही घटना को लेकर जानकारी मिल सकेगी। मामला नांदघाट थाना क्षेत्र के संबलपुर गांव का है।
संबलपुर गांव निवासी सविता साहू (23) पत्नी जय कुमार साहू और उसकी बेटी जीविका साहू (3) का शव शुक्रवार को मकान के कमरे में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को जब्त कर पोस्टमाॅर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। घटनास्थल पर महिला के शव के पास से ही पुलिस को एक टंगिया भी बरामद हुई है। उस पर खून का निशान है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी टंगिया से वार कर महिला और उसके बच्ची की हत्या की गई है। घटना के बाद से ही महिला का पति जय साहू गायब है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं लग सका है। ऐसे में पुलिस को अंदेशा है कि घरेलू विवाद के चलते जय साहू ने ही अपनी पत्नी व बच्ची की हत्या कर दी होगी और फिर वहां से भाग निकला। फिलहाल, रिश्तेदारों समेत अन्य परिचितों से उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।