हरियाणा राज्य परिवहन की बसें अब फिर से चंडीगढ़ में एंट्री नहीं कर पाएंगी। रोजाना प्रदेश के जिलों से करीब 30 बसें चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड तक आ रही थी, लेकिन अब यहां बसों के आने की अनुमति नहीं होगी। यह रोक फिलहाल 30 जून तक लगाई गई है।
पहले भी रोडवेज की बसों की एंट्री चंडीगढ़ में बंद थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से ही इसे चालू किया गया था। यूटी प्रशासन की ओर से इस संदर्भ में परिवहन विभाग को पत्र लिखा गया था, इसके बाद यह निर्णय लिया गया है। दूसरी ओर रोडवेज की बसें पंचकूला तक चलती रहेंगी। यानी प्रदेश के डिपुओं से अब कनेक्टिविटी पंचकूला तक होगी।
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 बस स्टैंड में अस्थाई सब्जी मंडी बनाई गई है। अब हरियाणा राज्य परिवहन की बसें दूसरे राज्यों में पूरी तरह से बंद हो गई हैं। केवल एक बस यूपी जा रही है। राजस्थान ने पिछले दिनों ही बार्डर सील किए थे। राजस्थान में हरियाणा से सात बसें जा रही थी। पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और नई दिल्ली ने पहले ही बसें न लाने के लिए कह दिया था।