हरियाणा में लॉकडाउन-1 का छठा दिन है। शनिवार को हरियाणा सरकार लॉकडाउन-1 में दी जाने वाली छूट पर बैठक कर सकती है। 8 जून से धर्मिक स्थल, होटल और शॉपिंग मॉल खोलने के मामले पर चर्चा होगी। इनको खोले जाने को लेकर सरकार फैसला ले सकती है। सीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज मौजूद रहेंगे। 8 जून से दी जाने वाली छूट को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। इसके बाद ही सरकार प्रदेश के लिए नए दिशानिर्देश जारी कर सकती है।
गुड़गांव, फरीदाबाद और सोनीपत में होटल, मॉल खोलना सरकार के लिए चुनौती
हरियाणा में इस समय गुड़गांव, फरीदाबाद और सोनीपत में होटल, मॉल व मंदिर खोलना सरकार के लिए चुनौती से कम नहीं है। इस समय प्रदेश के सबसे ज्यादा मरीज इन तीन जिलों में से आ रहे हैं। ये तीनों जिले दिल्ली से सटे हुए हैं। यहां के लोगों की सबसे ज्यादा आवाजाही दिल्ली में है। ऐसे में सरकार के लिए यहां इनका खोलना चुनौतीपूर्ण है।
फरीदाबाद में 15 दिन के अंदर 10 गुना बढ़ गए कंटेनमेंट जोन
फरीदाबाद में बढ़ते मरीजों की वजह से यहां कंटेनमेंट जोन की संख्या 10 गुणा बढ़ गई है। पहले यहां 12 कंटेनमेंट जोन थे अब यह बढ़कर 123 हो गए हैं। अब ज्यादा आबादी वाले इलाके कंटेनमेंट जोन बन गए हैं। कंटेनमेंट जोन बढ़ने से पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीमों पर काम का प्रैशर बढ़ गया है।
गुड़गांव में बिना अनुमति के खुले दो स्पा सील
गुड़गांव में डीएलएफ सुपर मार्ट और सेक्टर-42 में बिना अनुमति के खुले दो स्पा को सील कर दिया है। नगर निगम की टीम ने यह कार्रवाई की। नगर निगम जोन-3 के संयुक्त आयुक्त हरिओम अत्री ने बताया कि लॉकडाउन-5 में स्पा खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बाद भी संचालक नियमों को दरकिनार कर स्पा का संचालन कर थे।