हरियाणा में हवाओं ने बढ़ाई ठंड, आज-कल साफ रहेगा मौसम, 28 और 29 को बारिश के आसार

दिनभर धूप निकलने के कारण कड़ाके की ठंड और कोहरे से गुरुवार को लोगों को थोड़ी राहत मिली, हालांकि हरियाणा में 11.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं के थपेड़े भी लोगों को झेलने पड़े। मौसम साफ हुआ तो कोहरे से भी निजात मिली। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में शुक्रवार और शनिवार को भी मौसम साफ रहेगा। उसके बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इस माह में छठी बार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 28 और 29 जनवरी को प्रदेश में छिटपुट हल्की बारिश के आसार हैं।

हिसार, नारनौल समेत प्रदेश के ज्यादातर शहरों में सुबह से धूप निकलने के बावजूद दिन के तापमान में मामूली गिरावट आई। चार-पांच दिनों के बाद मौसम का यह मिजाज देखा गया। दिनभर धूप खिलने के बावजूद तेज सतही हवा के चलने से रोहतक में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम रहा, वहीं हिसार में 3 डिग्री और करनाल में 2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। हालांकि हिसार में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई, फिर भी सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

दिनभर धूप निकलने से बाजारों और पार्कों में चहल-पहल रही। मगर दिन ढलने के साथ ही उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं ने लोगों को गर्म लबादों में लिपटने को मजबूर कर दिया। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से अगले तीन दिन रात के तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं मौसम केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक अगले 96 घंटे तक मौसम शुष्क रहेगा। प्रदेश में 26 जनवरी को भी कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है।

रोहतक में दिन का तापमान रहा सबसे कम
रोहतक में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया, जो प्रदेश में सबसे कम था। वहीं अंबाला की रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया। वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 18.7 व न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 19.0 व न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस था। सुबह साढ़े आठ बजे वातावरण में नमी की मात्रा 91 प्रतिशत थी, जो शाम साढ़े पांच बजे घट कर 49 प्रतिशत रह गई।

 प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री)

  • शहर         अधिकतम  न्यूनतम
  • हिसार           18.7            5.8
  • अंबाला          18.1            4.2
  • नारनौल         20.5            4.7
  • सिरसा           18.4            5.9
  • करनाल         17.4            6.2
  • कुरुक्षेत्र          17.4            6.2
  • रोहतक          17.2           7.8
  • गुरुग्राम         18.9            9.0

Haryana 24x7

Overlook INDIA is one of the latest Hindi news portals through which you can get all updated local Delhi based, national and international news round the clock. In order to get more information, you may visit at overlook.co.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *