रायपुर. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निज सचिव (पीए) ओम प्रकाश गुप्ता को पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पूर्व सीएम के पीए गुप्ता पर नाबालिग छात्रा ने यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने शिकायत में बताया है कि पढ़ाई के लिए वह पीए गुप्ता के घर में रहती थी। इस दौरान उससे कई बार दुष्कर्म किया गया। छात्रा ने इस संबंध में रायपुर के महिला थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी। इसके बाद राखी थाना पुलिस ने ओम प्रकाश गुप्ता को देर रात करीब 2 बजे उनके राजेंद्र नगर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
ओपी गुप्ता के आवास में रहकर काम के साथ पढ़ाई भी करती थी छात्रा
- जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव के एक गांव की रहने वाली किशोरी को उसके पिता पढ़ाई के लिए वर्ष 2016 में पूर्व सीएम के निज सचिव ओपी गुप्ता के राजेंद्र नगर स्थित आवास पर छाेड़ गए थे। वहां पर छात्रा पढ़ाई के साथ घरेलू काम किया करती थी। तब नाबालिग 8वीं कक्षा की छात्रा थी। आरोप है कि इस दौरान वर्ष 2016 से दिसंबर 2019 के बीच उसका कई बार शारीरिक शोषण किया गया। आरोपी गुप्ता ने नया रायपुर स्थित अपने सरकारी आवास में उससे दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था।
- छात्रा का कहना है कि उसके पिता भी मिलने के लिए कम ही आते थे, ऐसे में वह डर गई थी। बाद में छात्रा ने सारी बात अपने परिजनों को बताई। पहले तो वह डर से चुप रहे, लेकिन फिर एक एनजीओ के माध्यम से महिला थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस की ओर से मामले की जांच में पुष्टि होने के बाद बुधवार देर रात 2 बजे ओपी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पुलिस सुबह 11 बजे कोर्ट में पेश करेगी। फिलहाल गुप्ता रिटायर्ड हो चुका है।