CAA Protest : गोरखपुर में पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद समेत सैकड़ों सपाई गिरफ्तार

गोरखपुर। Citizenship Amendment Act के विरोध में सड़क पर उतरे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस भारी पड़ी। गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, बस्‍ती, सिद्धार्थनगर व कुशीनगर में सपाइयों ने सड़क पर उतर कर Citizenship Amendment Act का विरोध किया। देवरिया व कुशीनगर में पुलिस ने दर्जनों सपा कार्यकर्ताआों को गिरफ्तार किया। गोरखपुर में सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठे तो महराजगंज में पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को कार्यालय से बाहर नहीं निकलने दिया।

पुलिस लाइन ले जाए गए सपाई

गोरखपुर में नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में धरना दे रहे सपाइयों को पुलिस ने नगर निगम स्थित पार्क से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को  पुलिस लाइन ले जाया गया। आंदोलन के चलते पूरे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रत्येक चौराहो व नगर निगम परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है।

नगर निगम परिसर में एकत्र हुए कार्यकर्ता

तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार सपा कार्यकर्ता सुबह 11 बजे नगर निगम परिसर में एकत्र हो गए। धरने में धीरे-धीरे पार्टी के पूर्व पदाधिकारी व विधायक भी शामिल होने के लिए आ गए। सपाइयों के इस आंदोलन पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया। शुरू में सपाइयों को धरना समाप्त करने के लिए प्रशासन द्वारा दबाव बनाया गया, लेकिन जब वह नहीं माने तो उनकी गिरफ्तारी शुरू कर दी गई।

यह हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार होने वाले प्रमुख नेताओं में पूर्व मंत्री रामपाल निषाद, पूर्व विधायक मोहसिन खान, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय यादव, रजनीश यादव, अवधेश यादव, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रबली यादव, प्रहलाद यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम, पूर्व पार्षद चंद्रभान प्रजापति, अशोक चौधरी, जफर अमीन डक्कू तथा राम नगीना साहनी आदि शामिल रहे।

पडरौना में प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग

पडरौना में नागरिकता संसोधन विधेयक के विरोध में प्रदर्शन करने सपा नेता शेषनाथ यादव, हरीश राणा, नन्हें खां सहित करीब बीस लोगों को नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारी ज़िला मुख्यालय जा रहे थे कि खिरिया टोला के समीप पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कुछ पुलिस कर्मियों ने बल प्रयोग कर उन्हें रोका। पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी को प्रशासन ने उनके कसया स्थित आवास पर गिरफ्तार किया।

देवरिया में प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

देवरिया में सपा नेता मोहन गुप्त व धर्मवीर गुप्ता के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए। सुभाष चौक से प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचे। यहां पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। लगभग दो दर्जन सपाइयों को गिरफ्तार कर पुलिस ने लाइन में भेजा गया।

महराजगंज में सपा कार्यालय पर पुलिस का पहरा, धरना स्थल पर फोर्स तैनात

महराजगंज में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर होने वाली समाजवादी पार्टी की जनसभा को लेकर पुलिस अलर्ट है। सुबह सपा कार्यालय पर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है। जबकि कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर कई थानेदार तैनात हैं। इस स्थिति में टकराव के आसार बढ़ गए हैं। पूरे प्रदेश में सपा की जनसभा को लेकर पुलिस हरकत में है। बिना अनुमति जनसभा नहीं करने की हिदायत बुधवार को पुलिस अफसर सपा नेता को दे चुके हैं।

सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के निर्देश पर सड़क पर उतरे सपाई

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर कानून व्यवस्था, महिला अपराध, किसानों व बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर पूरे प्रदेश में जनसभा की होनी है। सपा के निवर्तमान अध्यक्ष राजेश यादव की ओर से 19 दिसंबर गुरुवार को कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर जनसभा किए जाने की अनुमति मांगी गई थी लेकिन प्रशासन की ओर से रैली की अनुमति नहीं दी गई। बुधवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समाजवादी पार्टी से जुड़े कई नेताओं से बातचीत कर जनसभा को स्थगित करने को कहा मगर सपा नेता जनसभा रद्द करने के लिए तैयार नहीं हुए। गुरुवार की सुबह होते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार, एसएचओ परसामलिक विजय नारायन प्रसाद, सदर कोतवाल सर्वेश सिंह, एसओ घुघली धनवीर सिंह, पनियरा एसओ दिलीप शुक्ला करीब पचास पुलिसकर्मियों के साथ सपा कार्यालय पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने कहा कि जनसभा की अनुमति नहीं है। जिले में धारा 144 लगी है।

पूर्व विस अध्यक्ष घर में नजरबंद

सिद्धार्थनगर के इटवा स्थित आवास पर वरिष्ठ सपा नेता व पूर्व विस अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय को पुलिस ने रोक लिया। इसके अलावा जनपद मुख्यालय पर धरने पर जाने से पुलिस ने पूर्व विस अध्‍यक्ष समेत कई सपा कार्यकर्ताओं को रोक लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी खुद पूर्व विधान सभा अध्‍यक्ष के आवास पर जमे हैं। पूर्व विस अध्यक्ष ने कहा कि मौलिक अधिकार का हनन कर रही पुलिस।

कुशीनगर में पूर्व मंत्री गिरफ्तार

कुशीनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी धरना-प्रदर्शन में जाते समय पुलिस ने रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनको थाने लाई है। उनके साथ लगभग 100 समर्थक थाने में बैठाए गए हैं।

Overlook India

Overlook INDIA is one of the latest Hindi news portals through which you can get all updated local Delhi based, national and international news round the clock. In order to get more information, you may visit at overlook.co.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *