क्रिकेट : मोहम्मद शमी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित,

भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को साल 2023 के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शमी को मंगलवार (नौ जनवरी) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार दिया। शमी 58वें क्रिकेट खिलाड़ी हैं, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड दिया गया है। इनमें 12 महिला क्रिकेट खिलाड़ी शामिल हैं। दो साल बाद किसी क्रिकेटर को अर्जुन अवॉर्ड मिला है। पिछली बार 2021 में शिखर धवन को यह पुरस्कार मिला था। सलीम दुर्रानी अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले क्रिकेटर हैं। उन्हें 1961 में सम्मानित किया गया था। शमी ने इस साल वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सबसे ज्यादा 24 विकेट लिए थे और टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। भारत फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार गया, लेकिन टीम के प्रदर्शन की तारीफ खूब हुई। शमी को शुरुआती मैचों में खेलने का अवसर नहीं मिला था। हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के बाद टीम संयोजन में बदलाव हुआ और शमी को जगह मिली। उसके बाद उन्हें कहर बरपा दिया और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

Overlook India

Overlook INDIA is one of the latest Hindi news portals through which you can get all updated local Delhi based, national and international news round the clock. In order to get more information, you may visit at overlook.co.in.