मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बरोदा विधानसभा के लिए होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव में भाजपा व जजपा गठबंधन का उम्मीदवार होगा और कमल चुनाव चिह्न होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन को लेकर विपक्ष गलत भ्रांतियां फैला रहा है। गठबंधन पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा कि उन्होंने 10 साल तक केवल किलोई की याद आई बरोदा की तरफ ध्यान ही नहीं दिया। फिलहाल मुख्यमंत्री ने गठबंधन के उम्मीदवार को लेकर भी कोई संकेत नहीं दिया।
वहीं, दिल्ली से सटे हरियाणाा के सोनीपत में बरोदा विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर राजनीतिक हमले सत्ता और विपक्ष दोनों ओर से तेज हो गए हैं। शनिवार को सोनीपत के गोहाना पहुंचे मुख्यमंत्री मनाेहर लाल ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला बोला। बरोदा में होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर उन्होंने पूर्व सीएम को लेकर कहा कि उनकी करनी और कथनी में अंतर है और उन्होंने बरोदा के विकास के लिए कुछ नहीं किया। वहीं, भाजपा सरकार ने जो कहा वो पूरा किया, जो नहीं कर सकते वो कभी कहा ही नहीं।