हरियाणा में संगठन के विस्तार में जुटी भाजपा, धनखड़ ने सीएम मनोहरलाल के साथ किया मंथन

चंडीगढ़- हरियाणा भाजपा राज्‍य में संगठन के विस्‍तार में जुट गई है। पार्टी के राज्‍य पदाधिकारियों और प्रकोष्‍ठों पुनर्गठन के साथ ही जिला इकाइयों के गठन को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के चंडीगढ़ लौटने के बाद भारतीय जनता पार्टी के संगठन में रिक्त पदों को भरने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को संगठन विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और संगठन मंत्री सुरेश भट्ठ सहित अन्य पदाधिकारियों ने चर्चा की।

महामंत्रियों के साथ ही अन्य पदाधिकारियों की होनी हैं नियुक्तियां, विभिन्न प्रकोष्ठों का भी गठन होगा

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज के साथ भी धनखड़ और भट्ठ की मंत्रणा पार्टी कार्यालय में चली। भाजपा जिला अध्यक्षों की घोषणा पहले ही कर चुकी है, जबकि महामंत्रियों समेत अन्य पदाधिकारियों की घोषणा होनी बाकी है। इसके अलावा विभिन्न प्रकोष्ठ भी बनाए जाने हैं।

भाजपा में जल्द ही संगठन का विस्तार किया जाना है। बैठक में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा की गई। इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री ने पार्टी विधायकों संग अलग से बैठक कर मौजूदा सियासी हालात और दूसरे मुद्दों पर फीडबैक लिया। इस दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 24 और 25 सितंबर को बूथ और जिला स्तर पर किए जाने वाले विशेष कार्यक्रमों पर भी विचार किया गया। भाजपा द्वारा बूथ स्तर पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण कार्यक्रम होगा, जबकि जिला स्तर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन पर वेबीनार का आयोजन किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को अलग-अलग कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ समेत सभी वरिष्ठ नेता वेबीनार में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ स्थित निवास से वेबीनार के जरिये सोनीपत के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसी तरह भाजपा के प्रदेश प्रधान ओमप्रकाश धनखड़ पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय से वेबीनार के जरिये पंचकूला और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला हिसार के बूथों के कार्यकर्ताओं के समक्ष अपनी बात रखेंगे।

oldAuthor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *