किसानों के लाठीचार्ज पर सियासत:तीन कृषि अध्यादेशों पर किसानों के सुझाव जानने रोहतक पहुंचा भाजपा के तीन सांसदों का डेलिगेशन

रोहतक- कृषि से जुड़े तीन अध्यादेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों पर हुए लाठीचार्ज पर सियासत जारी है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने अपने तीन सांसदों की ड्यूटी किसानों से बातचीत करने के लिए लगाई है। इसमें भिवानी के सांसद धर्मबीर सिंह, हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह और कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी शामिल हैं।

सांसद नायब सैनी, धर्मबीर सिंह और बृजेंद्र सिंह रोहतक में किसानों से बातचीत करते हुए।
सांसद नायब सैनी, धर्मबीर सिंह और बृजेंद्र सिंह रोहतक में किसानों से बातचीत करते हुए।

ये तीनों सांसद शनिवार को रोहतक में किसानों से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। यहां वे किसानों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। इसके बाद वे करनाल जाएंगे। वहां भी किसानों से मुलाकात करेंगे। रविवार को पंचकूला में किसानों से मिलेंगे। गौरतलब है गुरुवार को पिपली में किसान रैली के दौरान किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद यह मामला गर्मा गया है। ऐसे में भाजपा मामले को शांत करने के लिए जुटी है। वहीं दूसरे विपक्षी दल इस मुद्दे को हवा देने में लगे हुए हैं।

किसान नेता चढूनी ने कमेटी को किया खारिज
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा बनाई गई तीन सांसदों की कमेटी को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे किसानों को गुमराह कर रहे हैं। अगर किसानों की चिंता है तो लोकसभा के मॉनसून सत्र में कृषि अध्यादेशों को कानून बनाने से रोका जाए। गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सिर्फ तपती आग को ठंडा करने के लिए राजनीति की जा रही है।

केंद्र सरकार के इन अध्यादेश का विरोध कर रहे हैं किसान

  • पहले कानून के मुताबिक हर व्यापारी केवल मंडी से ही किसान की फसल खरीद सकता था। अब व्यापारी को इस कानून के तहत मंडी के बाहर से फसल खरीदने की छूट मिल जाएगी।
  • अनाज, दालों, खाद्य तेल, प्याज, आलू आदि को जरूरी वस्तु अधिनियम से बाहर करके इसकी स्टॉक सीमा समाप्त कर दी गई है।
  • सरकार कांट्रेक्ट फॉर्मिंग को बढावा देने की बात कह रही है।

कांग्रेस और इनेलो खड़ी किसानों के साथ
किसानों पर लाठीचार्ज होने के बाद कांग्रेस और इनेलो ने इस मुद्दे पर किसानों को समर्थन दे दिया है। कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा और वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला पिपली जाकर किसानों से मिले। उन्होंने किसानों को इस मुद्दे पर उनके साथ खड़े होने का वायदा किया है। वहीं इनेलो नेता अभय चौटाला भी लाठीचार्ज और अध्यादेश का विरोध कर रहे हैं।

गृह मंत्री अनिल विज।
गृह मंत्री अनिल विज।

गृह मंत्री अनिल विज कर रहे लाठीचार्ज से इनकार
वहीं कुरुक्षेत्र में लाठीचार्ज के मामले में गृह मंत्री अनिल विज इनकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी तरह का लाठीचार्ज नहीं हुआ है। कोरोना काल में किसी को इतनी बड़ी भीड़ जुटाने की इजाजत नहीं है। कानून व्यवस्था बनाने के लिए कुरुक्षेत्र पुलिस को तैनात किया गया था। पुलिस केवल इतना चाहती थी कि किसान सड़क पर जाम न लगाएं। इसके अलावा वहां ऐसा कुछ नहीं हुआ है जैसा विपक्ष प्रचारित कर रहा है।

oldAuthor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *