करनाल के कुंजपुरा रोड पर स्थित बुढ़ाखेड़ा गांव के महिंद्र पब्लिक स्कूल की संचालिका हरविंद्र कौर के घर में शनिवार को लूट हो गई। 3 आरोपियों ने पिस्टल के दम पर हरविंद्र की पुत्रवधु, पोते और नौकरानी को बंधक बनाकर 3 लाख रुपये कैश व 45 तोले सोने के गहने लूट लिए। आरोपी जाते-जाते सीसीटीवी की डीवीआर भी उखाड़ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक पर आए थे आरोपी करीब 1 घंटा खंगाला घर
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक महिंद्र पब्लिक स्कूल की संचालिका हरविंद्र कौर बुढ़ाखेड़ा गांव में रहती है। उनके पति और बेटे की मौत हो चुकी है। वह खुद स्कूल चलाती है। सुबह करीब 7 बजे स्कूल चली गई थी। उसकी पोती का पेपर था तो वह भी स्कूल चली गई थी। घर में पुत्रवधु मनदीप कौर, पोता असमत और नौकरानी थी।
करीब 7.30 बजे बाइक पर सवार होकर तीन आरोपी उनके घर आते हैं। अंदर आते ही आरोपियों ने पिस्टल के दम पर मनदीप कौर, असमत और नौकरानी को बंधक बना लिया और कहा कि ज्यादा बोले तो गोली मार देंगे। आरोपियों ने करीब 8.30 बजे तक पूरे घर को खंगाला और 3 लाख रुपये कैश, 45 तोले सोने के गहने लेकर फरार हो गए।
आरोपियों के चेहरे आ रहे थे नजर
मनदीप कौर ने बताया कि आरोपियों ने चेहरे नहीं ढक रखे थे। उनके चेहरे नजर आ रहे थे लेकिन उन्हें वह पहचानती नहीं थी। घर में सीसीटीवी लगा है। आरोपी जाते-जाते सीसीटीवी की डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। आरोपियों ने मनदीप का मोबाइल भी छीन लिया और चुप रहने की धमकी देकर फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस
आरोपियों के चले जाने पर मनदीप कौर ने आसपास के लोगों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे डीएसपी राजीव कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।