31 जनवरी और एक फरवरी को बैंक यूनियनों की प्रस्तावित हड़ताल के समर्थन में बैंक अधिकारियों ने और कर्मचारियों ने हुंकार भरी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के बैनर तले बैंक ऑफ इंडिया और इलाहाबाद जोनल कार्यालय के नीचे सभी बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी एकजुट हुए और केंद्र सरकार के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया।
दरअसल, पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा, नई पेंशन व्यवस्था को खत्म करना, पेंशन में सुधार, पारिवारिक पेंशन में सुधार, बैंक अधिकारियों के लिए कार्य अवधि स्पष्ट रूप से तय करना, निविदा पर रखे गए कर्मचारी समान काम के लिए समान वेतन की मांग यूनियन वर्षों से कर रही है। इसी को लेकर 31 जनवरी और एक फरवरी को हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसमें जिले के सभी बैंकों की 800 शाखाएं बंद रहेंगी।
ऑल इंडिया बैंक कंफडेरेशन (आइबॉक) के जिला सचिव प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि इंडियन बैंक एसोसिएशन की सहमति से हड़ताल का निर्णय लिया गया है। हड़ताल के समर्थन में बैंक अधिकारी और कर्मी सोमवार से ही वर्क टू रूल का पालन कर रहे हैं। ऑल इंडिया इलाहाबाद बैंक एसोसिएशन के राज्य सचिव संजय लाठ ने कहा कि सरकार ने यूनियन की बातों को नहीं मानी तो एक अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।