अहमदाबाद. उत्तरायण पर यहां बुधवार की शाम तक कुल 709 पक्षी पतंग की डोर से घायल हुए थे। इसमें से 649 पक्षियों को बचा लिया गया। 60 पक्षियों की मौत हुई। इन पक्षियों की गुरुवार को जीवन वाडी से लीला नगर तक श्मशान यात्रा निकाली गई। जिसमें कई पर्यावरण प्रेमियों ने हिस्सा लिया। यह यात्रा पारेवडा ग्रुप द्वारा निकाली गई थी।
5 दिनों में 2659 पक्षी घायल
पिछले 5 दिनों में 2659 पक्षी घायल हुए। इसमें कबूतर, चमगादड़, उल्लू, मोर आदि शामिल हैं। घायल पक्षियों को बोड़कदेव स्थित वाइल्ड लाइफ केयर सेंटर और शहर के अन्य 9 सेंटर में लाया गया। जहां उनका इलाज किया गया। वन विभाग के सीएफओ चिराग आजरा ने बताया कि पक्षियों के घायल होने की घटना में पिछले साल के मुकाबले इस साल कमी देखी गई।
पक्षियों को बचाने का अभियान
शहर तथा राज्य के करुणा अभियान 2020 के तहत वन विभाग, पशुपालन विभाग, एनजीओ द्वारा पक्षियों को बचाने का अभियान चलाया गया। उत्तरायण के 5 दिन पहले से ही अभी तक कुल 1283 पक्षी घायल हुए, इसमें से 1181 पक्षियों को बचा लिया गया। 102 पक्षियों की मौत हुई।