राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने आज नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून और पौड़ी में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वहीं आज राजधानी देहरादून में रुक-रुक कर बारिश जारी रही। दून में सुबह से घने बादल छाए रहे। प्रदेशभर में मंगलवार को बारिश और बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने आज भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है।
मसूरी में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। तापमान में भारी गिरावट से लोगों का हाल-बेहाल है। बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है।पर्यटक ठंड और बारिश के कारण अपने कमरों में कैद होने को मजबूर हैं। यहां कंपनी गार्डन, लाल टिब्बा, बुरांश खंडा, सुरकंडा देवी और धनोल्टी में बर्फबारी हो रही है। पर्यटक बर्फबारी का मजा ले रहे हैं।
केदारनाथ में 11 फीट तक जमी बर्फ
रुद्रप्रयाग में रातभर से हो रही रुकरुक कर बारिश हो रही है। केदारनाथ में लगभग 6 फीट तक नई बर्फ गिर चुकी है। यहां पहले से पांच फीट बर्फ मौजूद है। तुंगनाथ में 6 फीट और चोपता में 5 फीट तक बर्फ गिर चुकी है। जनपद के गौंडार, तोषी, चौमासी, चिलौण्ड, जालमल्ला, ब्युखी, त्रियुगीनारायण और गौरीकुंड गांव बर्फ से लकदक हैं।
टिहरी जिले में रात भर से बारिश का सिलसिला बुधवार की सुबह भी जारी रहा। यहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोग घरों में ही कैद होकर रह गए हैं। श्रीनगर में तीसरे दिन भी बारिश जारी है। औली में लगातार बर्फबारी हो रही है।
उत्तरकाशी जिले के राष्ट्रीय राज्य मार्ग गंगोत्री गंगनानी से ऊपर बर्फबारी के कारण बाधित है तथा मार्ग खोलने का कार्य जारी है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राड़ी टॉप, सुवाखोली और फूलचट्टी के पास बर्फबारी के कारण बाधित है। लमगांव मोटर मार्ग चौरंगी के पास बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध है। जिसे खोलने का कार्य किया जा रहा है। चमोली जिले में भी तीसरे दिन भी बारिश बर्फबारी का सिलसिला जारी है। बदरीनाथ और केदारनाथ में भी भारी बर्फबारी हुई है। हरिद्वार में भी आज तीसरे बारिश जारी है। रुड़की में आज सुबह से बारिश हो रही है।