नई दिल्ली। दिल्ली में सत्तारूढ़ आप ने शनिवार को भाजपा के खिलाफ अनधिकृत कॉलोनियों में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं और मंत्रियों ने इसे ‘धोखा दिवस’ बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों को मालिकाना हक देने के नाम पर धोखा दे रही है। इस दौरान कहा गया कि पहले की कांग्रेस सरकार की तरह इस बार भाजपा सरकार भी कॉलोनियों को नियमित नहीं करने जा रही है।
संगम विहार में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रदर्शन की अगुवाई की। उन्होंने कहा कि धोखा दिवस के जरिये आप अनधिकृत कॉलोनी के लोगों के बीच भाजपा के झूठ का पर्दाफाश कर रही है। दिल्ली सरकार नहीं चाहती कि इस बार भी नियमित करने का मसला चुनावी वायदा बनकर रह जाए। इसकी जगह लोगों की रजिस्ट्री होनी चाहिए। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह बुराड़ी में मौजूद थे। दिल्ली सरकार के मंत्री व आप प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बवाना, दिलीप पांडेय ने विकासपुरी में प्रदर्शन की अगुवाई की। गोपाल राय ने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के मामले में कांग्रेस के नक्शेकदम पर चल रही है। पहले कांग्रेस ने कॉलोनी के लोगों को प्रोविजनल सर्टिफिकेट बांटकर धोखा दिया। अब भाजपा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर भ्रम फैला रही है। भाजपा का इरादा अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने का नहीं है। उन्होंने मांग की कि ऑनलाइन नंबर देने की जगह केंद्र सरकार को मालिकाना हक देना चाहिए।