सोनीपत – मुकीमपुर गांव की एक लड़की का मंगलवार सुबह सात बजे बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण कर लिया। लड़की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है और अपनी चाची के साथ सुबह माॅर्निंग वॉक कर रही थी। राई थाना पुलिस ने छात्रा की मां के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मुकीमपुर निवासी रामभतेरी ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी मनीषा सुबह अपनी चाची, चचेरी बहन व भाइयों के साथ मॉर्निंग वॉक कर रही थी।
मनीषा व उसकी चाची साथ चल रही थी। मनीषा के भाई दौड़ लगाते हुए एक किलोमीटर दूर तक जा चुके थे। इस बीच मुकीमपुर की तरफ से आई एक बाइक पर सवार दो युवकों मनीषा का हाथ पकड़कर उसे बाइक पर बैठा लिया। मनीषा जोर से चिल्लाई। आरोपी मनीषा का अपहरण कर नांदनौर गांव की तरफ फरार हो गए।
सरेआम लड़की का अपहरण होने की सूचना गांव में आग की तरफ फैल गई। ग्रामीण बाइक व कार लेकर नांदनौर गांव की तरफ दौड़े, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। राई थाना एसएचओ विवेक मलिक व बहालगढ़ चौकी इंचार्ज मुकेश ने वीटी कराकर नाकाबंदी भी की, लेकिन अभी तक आरोपियों के बारे में कोई सूचना नही मिली है।
नांदनौर गांव में सीसीटीवी कैमरे में बाइक तेज स्पीड में दिखाई दी
दिनदहाड़े एक लड़की का अपहरण होने की खबर से पुलिस प्रशासन में भी हडकंप मच गया। चौकी इंचार्ज मुकेश ने नांदनौर गांव के पास एक मकान के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें एक बाइक तेज स्पीड़ से आती दिखाई दे रही है। बाइक पर दो युवक सवार हैं। दोनों ने हेलमेट पहन रखा है। वे लड़की को ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
बीए की छात्रा है मनीषा, पुलिस ले रही है साइबर सेल की मदद
चौकी इंचार्ज मुकेश ने बताया कि मनीषा बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। लॉकडाउन की वजह से मनीषा अभी कॉलेज नही जा रही थी। पुलिस अपहरण के साथ- साथ अन्य कई एंगल से जांच कर रही है। इसी वजह से पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है। जिससे छात्रा के अपहरण की वजह पता लग सके।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
मुकीमपुर गांव से सुबह एक लड़की का अपहरण हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मुकेश कुमार, चौकी इंचार्ज बहालगढ़।