भूना कस्बे के कुलां रोड पर बाइक पर आए तीन अज्ञात हमलावरों ने एक मार्बल स्टोर संचालक को गोली मार दी। गोली मार्बल स्टोर संचालक के पेट पर लगी। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंचे। स्टोर संचालक की हालत नाजुक बनी हुई है।
मार्बल स्टोर संचालक ईश सेठी अपनी कुलां रोड पर बनी मार्बल की दुकान पर बैठा हुआ था। इस दौरान बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। एक के पास अवैध पिस्तौल था। उसने ईश सेठी पर गोली चला दी। गोली ईश सेठी के पेट में लगी। इसके बाद बाइक सवार मौके से फरार होने लगे तो कुछ दूर पर गली के मोड़ पर बाइक तेज होने के कारण फिसल गए और गिर गए।
लोग उन्हें उठाने के लिए आने लगे तो उनके हाथ में पिस्तौल देखकर पीछे हट गए। वे खुद ही अफरा-तफरी में खड़े हुए और बाइक को संभाला। इसके बाद तीनों बाइक पर बैठकर फरार हो गए। यह पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। अब अज्ञात लूट के इरादे से आए थे या अन्य कोई पुरानी रंजिश थी। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है। घायल को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में लाया गया। जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर कर दिया।