खूबसूरत त्वचा की चाह सभी को होती है। फिलहाल मौसम सर्द है और अब बदलेगा, तो भी त्वचा को इसका नुक़सान झेलना पड़ेगा। इस समस्या को देखते हुए कुछ ऐसे घरेलू फेस पैक्स यहां दिए जा रहे हैं, जिन्हें चंद मिनटों में तैयार किया जा सकता है। ये हर तरह की त्वचा के लिए कारगर हैं।
- बादाम पैक : चार बादाम का पेस्ट, एक चम्मच गाजर का रस या टमाटर का रस, एक चम्मच शहद, एक छोटा चम्मच मलाई। इन सबको अच्छी तरह से मिलाएं। फिर इस पैक को चेहरे पर लगाएं। बीस मिनट बाद चेहरा धो लें। अच्छे परिणाम के लिए यह फेस पैक रोज़ लगाएं। कुछ ही समय में काली झाइयां दूर हो जाएंगी।
- गेंदा फेस पैक : चार-पांच गेंदे के फूलों को लेकर अच्छी तरह से मसल लें। इनमें एक छोटा चम्मच शहद और दो चम्मच दूध मिलाएं। पेस्ट बन जाने पर चेहरे पर लगाएं। लगभग बीस मिनट के बाद हल्के गर्म पानी से धो लें। त्वचा निखर उठेगी।
- शक्कर मिल्क पाउडर पैक : तीन बड़े चम्मच शक्कर, एक बड़ा चम्मच मिल्क पाउडर, एक बड़ा चम्मच शहद को अच्छी तरह से मिला लें। अब इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर लगाएं और 15 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें।
- तुलसी-पुदीना पैक : तुलसी और पुदीने की पांच-पांच पत्तियां लेकर मसल लें। तैयार पेस्ट को रातभर के लिए मुंहासों पर लगाकर छोड़ दें। सुबह उठकर ठंडे पानी से धो लें। यह पैक मुहांसों और सूजन दोनों को ख़त्म करता है।
- अंगूर फेसपैक : एक बड़ा चम्मच अंगूर का रस लें। इसमें एक बड़ा चम्मच नींबू का रस, एक चम्मच गेंहू का आटा, आधा चम्मच गुलाब जल मिलाएं। तैयार पेस्ट को रुई की सहायता से चेहरे पर ऊपर की दिशा में स्ट्रोक देते हुए लगाएं। कुछ देर बाद ठंडे पानी से चेहरा धो लें।
त्वचा के मुताबिक़ फेस पैक
-
संवेदनशील त्वचा के लिए
4-5 अंगूरों को अच्छी तरह से मसल लें। इसमें एक बड़ा चम्मच एलोवेरा जैल और एक बड़ा चम्मच गेहूं का आटा मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर लगाएं और 15 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। ये फेस पैक त्वचा में नमी लाता है और झुर्रियों को कम करता है।
-
तैलीय त्वचा के लिए
एक चम्मच मुलतानी मिट्टी, आधा चम्मच नींबू का रस, एक चम्मच कच्चे आलू का रस मिलाकर लेप बनाएं। इस लेप को चेहरे और गर्दन पर लगाएं। सूखने के बाद चेहरा धो लें।
-
सामान्य त्वचा के लिए
दो चम्मच कच्चे दूध में एक चम्मच बेसन मिलाएं। तैयार पेस्ट को पूरे चेहरे पर लगाएं। 15 मिनट बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लें
-
रंग निखारने के लिए पैक
दो चम्मच बेसन, एक चम्मच चंदन पाउडर, दो चम्मच कच्चा दूध, चुटकी भर हल्दी, दो-चार बूंद नींबू का रस, एक चम्मच मलाई को मिलाकर पैक बना लें। इस पैक को चेहरे पर लगाएं और सूखने पर ऊपर की ओर रगड़ते हुए छुड़ाएं। ठंडे पानी से मुंह धो लें।
-
सौंफ से निखरे रंग
एक चम्मच सौंफ पानी में उबालकर काढ़ा बना लें। ठंडा होने पर उसमें उतनी ही मात्रा में शहद मिला लें। इस मिश्रण को फेस पैक की तरह लगाकर 20 मिनट बाद चेहरा धो लें। इसके नियमित प्रयोग से झुर्रियां दूर हो जाएंगी।