बरात में पैसे लूट रहे लड़कों को देखकर चलने की नसीहत देना एक युवक को भारी पड़ गया। लड़कों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओल्ड फरीदाबाद निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ नगर निगम कार्यालय वाली रोड पर पैदल जा रहा था। मयूर गार्डन के सामने एक बरात चल रही थी। बरातियों द्वारा उड़ाए जाने वाले रुपयों को दो तीन लड़के लूट रहे थे। चलते हुए उनमें से एक धर्मेंद्र से टकरा गया। धर्मेंद्र ने उसे देखकर चलने की नसीहत दी। इस पर बात बढ़ गई। उस लड़के ने अपने साथी बुला लिए और धर्मेंद्र पर लात-घूसों से हमला कर दिया। किसी धारदार हथियार से धर्मेंद्र की जांघ पर वार कर दिया। इसके अलावा पत्थर उठाकर सिर में मार दिया। उसे बुरी तरह पीटकर लड़के भाग गए। धर्मेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित लड़के ओल्ड फरीदाबाद के ही बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।