मुंबई. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को पार्टी के पहले महाधिवेशन में नया भगवा झंडा लॉन्च किया। यह झंडा वही है, जिसकी तस्वीरें 2 दिन से सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। मनसे के नए झंडे में शिवाजी महाराज के शासनकाल की मुद्रा प्रिंट है। झंडे को लॉन्च करने से पहले राज ठाकरे ने चाचा बाला साहब ठाकरे को याद किया। आज बाल ठाकरे की 94वीं जयंती है। हाल ही में विधानसभा चुनावों में महाराष्ट्र नव निर्माण सेना ने 101 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन सिर्फ एक सीट पर जीत मिली।
कार्यकर्ताओं ने पहनी भगवा टोपी
महाधिवेशन में राज्य से पार्टी के कार्यकर्ता मुंबई के गोरेगांव पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकताओं का नारेबाजी करने का तरीका बदला नजर आया। उन्होंने जय भवानी, जय शिवाजी के नारे लगाए। कार्यकर्ता भगवा रंग की टोपी पहने हुए थे।
मनसे के महाधिवेशन में यह होगा खास
मनसे के महाधिवेशन में पार्टी प्रमुख राज ठाकरे बेटे अमित को सक्रिय राजनीति में उतारने की घोषणा कर सकते हैं। राज काफी समय से बेटे को लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। कई बार अमित पदाधिकारी के तौर पर पार्टी से जुड़ी बैठकों में भी शामिल हुए। इसके साथ, भाजपा के साथ मनसे के गठबंधन पर भी राज ठाकरे अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं।
आदित्य ठाकरे के बाद अब अमित ठाकरे
राजनीतिक जानकार बताते हैं कि शिवसेना ने आदित्य ठाकरे को पूरी तरह राजनीति में उतार दिया है। हाल ही में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में आदित्य वर्ली सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने। बाद में उन्हें पिता उद्धव के कैबिनेट में भी जगह दी गई। ऐसे में राज ठाकरे भी अमित को सक्रिय राजनीति में उतारकर राज्य के युवा वोटर्स को लुभाना चाहते हैं।