दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में कांग्रेस के लिए प्रचार में पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के शीर्ष नेता भी सक्रियता से शामिल होंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) द्वारा करीब 40 स्टार प्रचारकों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस सूची में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट,पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, बिहार के दिग्गज कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा और यूपी के पूर्व कांग्रेस नेता राज बब्बर भी शामिल रहेंगे।
आम आदमी पार्टी के सघन प्रचार अभियान की तुलना में कांग्रेस का प्रचार अभियान अब तक बेहद धीमा है। इससे कांग्रेस को राजधानी के त्रिकोणीय संघर्ष में सशक्त दल के रूप में नहीं आंका जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व तुरंत इस स्थिति से उबरना चाहता है। इस कमजोर स्थिति से उबरने के लिए ही पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा चुनाव लड़े सभी नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ने को कहा है व स्वयं भी प्रचार में सक्रिय रहने के संकेत दिए हैं।
बताया जाता है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा अन्य सहयोगियों के साथ जाट बाहुल्य इलाके में प्रचार करेंगे। अन्य नेता भी पूरे चुनाव प्रचार में छोटी सभाओं के लिए भी उपलब्ध होंगे। आक्रामक चुनाव प्रचार की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए सोनिया गांधी ने हरी झंडी दे दी है। इसके आधार पर ही प्रचार अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। कांग्रेस की चुनावी रणनीति में इस बार रोड शो पर ज्यादा जोर दिया जाएगा। रोड शो में भीड़ भरे इलाकों सहित गलियों में भी मतदाताओं तक जाकर सीधे जनसंपर्क किया जाएगा। बड़ी चुनावी रैली की तुलना में रोड शो में उम्मीदवार को कम परिश्रम करना होगा, साथ ही गली-गली तक बड़े नेता आम जन तक जनसंपर्क कर सकेंगे।