मुंबई. दिल्ली में जेएनयू में छात्रों के साथ हुई हिंसा के विरोध में गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने मंगलवार को जबर्दस्ती हटा दिया। इन्हें यहां से हटाकर आजाद मैदान ले जाया गया। प्रदर्शनकारी रविवार रात से यहां धरना दे रहे थे। पुलिस ने गेटवे पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है। वहीं, प्रदर्शन के दौरान ‘फ्री कश्मीर’ का पोस्टर लहराने पर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव सरकार को घेरा है।
देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया, ‘‘आखिर प्रदर्शन हो क्यों रहा है? फ्री कश्मीर जैसे नारों की जरूरत क्या है? मुंबई में हम अलगाववादी तत्वों को बर्दाश्त कैसे कर सकते हैं? फ्री कश्मीर के पोस्टर मुख्यमंत्री कार्यालय से महज 2 किमी दूर लहराए गए। उद्धव जी, क्या आप अपनी नाक के नीचे भारत विरोधी अभियान पर सहमति जताएंगे?’’ वहीं, फ्री कश्मीर के पोस्टर पर भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने कहा, ‘‘मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, उन्होंने मुझे जांच का आश्वासन दिया है।’’
शिवसेना ने किया बचाव
गेटवे पर प्रदर्शन के दौरान ‘फ्री कश्मीर’ का पोस्टर नजर आने के बाद मचे बवाल पर शिवसेना की ओर से सांसद संजय राउत ने बचाव किया है। राउत ने कहा, ‘‘वे (प्रदर्शनकारी) कश्मीर में इंटरनेट,मोबाइल सेवा पर बैन से आजादी चाहते हैं, भारत से कश्मीर की आजादी की बात बर्दाश्त नहीं है।’’ वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम ने कहा कि ऐसे पोस्टर (फ्री कश्मीर) देश भर में चल रहे छात्र आंदोलन को बदनाम कर सकते हैं। आंदोलन गुमराह हो सकता है। जेएनयू हिंसा का कश्मीर की आजादी से क्या रिश्ता? कौन हैं ये लोग ? इन्हें गेटवे पर किसने भेजा? बेहतर होगा, सरकार इसकी जांच कराए।
जेएनयू हिंसा के विरोध में बॉलीवुड ने भी किया प्रदर्शन
सोमवार रात को मुंबई के कार्टर रोड पर जेएनयू हिंसा के विरोध में अनुराग कश्यप, तापसी पन्नू, दीया मिर्जा, अनुभव सिन्हा, राहुल बोस, गौहर खान, कुणाल कामरा, वासन बाला, हंसल मेहता, जोया अख्तर, स्वरा भास्कर, सौरभ शुक्ला, विशाल भारद्वाज, सुशांत सिंह और स्वानंद किरकिरे समेत कई सितारों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अनुभव सिन्हा हाथ में तिरंगा लिए हुए नजर आए। वहीं, अनुराग कश्यप ने हाथों में अब बस यानी (enough) का प्लेकार्ड था।