रायपुर. भगवा त्याग का परिचायक है। शिवा जी महाराज ने इसे तब धारण किया जब राजपाठ गुरु को समर्पित कर दिया। योगी आदित्यनाथ उन्होंने भगवा पहन तो लिया, लेकिन संसार का त्याग नहीं किया, वो जातिवाद और हिंसा फैला रहे हैं, साधु होकर हिंसा का मार्ग अपना रहे हैं। यह बातें कहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने।
ओड़िशा दौरे के लिए जाते वक्त यह बातें सीएम बघेल ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से कही। दरअसल एक दिन पहले कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी ने भगवा रंग पर बयान दिया था, यह बातें उसी बयान के समर्थन में कहीं गईं। भूपेश बघेल ने आगे कहा कि यह लोग खुद को साधू कह रहे हैं और न मोह-माया छोड़ रहे न राग द्वेष, चाहे उमा भारती हों, या प्रज्ञा ठाकुर, प्रज्ञा को मैं साध्वी नहीं मानता वो जब जुबान खोलती हैं जहर उगलती हैं। यह साधुओं के लक्षण नहीं।
प्रियंका गांधी ने एनआरसी का विरोध करने वालों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई पर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि इस प्रदेश के सीएम योगी भगवा रंग के वस्त्र पहनते हैं, ये भगवा आपका नहीं है. ये भगवा हिंदुस्तान की धार्मिक आस्था का प्रतीक है, उस धर्म का पालन करना सीखिए, हिंदू धर्म में हिंसा और रंज का कोई स्थान नहीं है। प्रियंका ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बयान दिया था कि वो बदला लेंगे, उसी बयान पर पुलिस चल रही है।