मौसम की मार :उत्तर बिहार में ठंड जानलेवा साबित 9 की मौत

उत्तर बिहार में ठंड जानलेवा साबित हो रही है। कड़ाके की सर्दी से लोग बेहाल हैं। रविवार को ठंडजनित बीमारियों से उत्तर बिहार में नौ लोगों की मौत हो गई। पूर्वी चंपारण में सर्वाधिक सात लोगों की जान गई। एक-एक मौत बेतिया व सीतामढ़ी में हुई है जबकि एक मौत मुजफ्फरपुर के औराई में हुई है।

तेज सर्द पछिया हवा चलने से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। लोगों का घरों से निकलना मुहाल हो रहा है। घरों के अंदर भी लोग ठिठुरन झेल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी ठंड से लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं हैं। तीन जनवरी के बाद मौसम में सुधार होने की उममीद है। ठंड की अत्यधिकता को देखते हुए डीएम आलोक रंजन घोष ने दो जनवरी तक जिले में धारा 144 लगा दिया है। इस दौरान सरकारी व निजी विद्यालयों में किसी तरह की शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक रहेगी।

तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री कम
डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा ने रविवार को अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रिकार्ड किया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री कम व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रिकार्ड किया है। मौसम विभाग के नोडल अधिकारी ए सत्तार के अनुसार रविवार को सामान्य तापमान अधिकतम 22.1 डिग्री व न्यूनतम सामान्य तापमान 8.5 डिग्री रहना चाहिए था। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई अंतर नहीं हुआ, वहीं न्यूनतम तापमान में दो डिग्री का उछाल दिखी। शनिवार को अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रिकार्ड किया गया था।

धूप रही बेअसर
सर्द पछिया हवा के बीच रविवार को दिन के ग्यारह बजे धूप निकली जो शाम के चार बजे तक रही। करीब पांच घंटे तक धूप रहने के बावजूद भी इसका ठंड पर कोई असर नहीं पड़ा। पछिया हवा के कारण धूप बेअसर रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दो-तीन जनवरी को बारिश के आसार हैं। इसके बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है।

12 दिनों में दस दिन तापमान 20 से नीचे 
दिसंबर महीने में 18 से 29 तक लगातार अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सिर्फ दो दिन 23 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23.5 व 24 दिसंबर को 20 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार कई वर्षों के बाद ऐसा हो रहा है जब दिसंबर में लगातार अधिकतम तापमान 20 डिग्री के नीचे रह रही है।

admin2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *