रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नव निर्वाचित भाजपा पार्षदों के घर में बुधवार देर रात कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने पार्षदों के घरों में कांच की बोतलें फेंकी और गालियां दीं। घटना के दौरान भाजपा पार्षद चुनाव जीतने के बाद भगवान जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए गए थे। अगले दिन गुरुवार को स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ पार्षदों के परिजन सरिया थाने में पहुंचे और मामला दर्ज कराया। साथ ही परिवार के लिए सुरक्षा की भी मांग की।
भाजपा नेताओं का आरोप- सरिया नगर पंचायत में मिली हार के बाद प्रतिद्वंदी कर रहे ओछी हरकतें
- जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में निकाय चुनावों के 24 दिसंबर को परिणाम आए हैं। इसमें सरिया नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 से भाजपा प्रत्याशी नरेश सिदार और वार्ड 14 से शत्रुघ्न प्रधान ने जीत दर्ज की है। दोनों ही भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए ओडिशा गए हुए हैं। इस दौरान उनके घरों में उनकी पत्नी और बच्चे ही हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात कुछ लोगों ने उनके घरों में कांच की बोतलें फेंकी और दरवाजा पीटते हुए अपशब्द कहे।
- घटना के बाद दोनों पार्षदों के परिवार की महिलाएं डरी हुई हैं। सुबह होते ही इसकी जानकारी उन्होंने फोन पर ओडि़शा गए दोनों पार्षदों को दी। इसके बाद भाजपा नेता जगन्नाथ पाणिग्राही समेत अन्य नेता उनके घर पहुंचे और महिलाओं से चर्चा की। वे महिलाओं को लेकर सरिया थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनाव में मिली हार के बाद प्रतिद्वंदी इस तरह की ओछी हरकतें कर डराने की कोशिश कर रहे हैं।