ट्रेवल / क्रिसमस और न्यू ईयर वेकेशंस पर देश-दुनिया के शानदार क्रूज से करें समंदर की सैर|

लाइफस्टाइल. दिसंबर का महीना छुटि्टयों का महीना होता है। क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए इस साल क्रूज को चुन सकते हैं। सेलिब्रेशन के बीच समंदर की सैर यादगार अनुभव देती है। क्रूज पर डीजे, मनपसंद फूड के साथ कई खूबियों को रूबरू होते हैं। जानिए कुछ ऐसे ही टूरिस्ट डेस्टिनेशन जो खासतौर पर क्रूज के लिए जाने जाते हैं।

क्रूज पर लाइव बैंड और इंटरनेशनल फूड का लें मजा

  1. अंग्रीया क्रूज: 500 टूरिस्ट कर सकते हैं सफर

    पार्टी के अलावा यदि आप क्रूज के सफर का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो मुंबई से गोवा के बीच क्रूज सर्विस आपके लिए बेहतर रहेगी। महज 7 हजार की शुरुआती कीमत पर आप आलीशान क्रूज की सवारी का हिस्सा बन सकते हैं। मुंबई के नए डोमेस्टिक क्रूज टर्मिनल से शुरू होने वाले इस क्रूज का नाम अंग्रीया है, जो मराठा नेवी के पहले एडमिरल कनहोजी आंग्रे के नाम पर रखा गया है। क्रूज को चलाने वाली कंपनी सी ईगल के मुताबिक क्रूज में यात्रियों के लिए टिकट की 6 कैटेगरीज हैं। टिकट किराए में भोजन, रिफ्रेशमेंट और ब्रेकफस्ट शामिल है। क्रूज में एक बार में करीब 500 यात्री सफर कर सकेंगे। मुंबई से गोवा जाने वाले इस क्रूज का रत्नागिरी, मलवान, विजयदुर्ग और रायगढ़ जैसी जगहों पर हॉल्ट भी होगा।

    8 रेस्त्रां और कॉफी शॉप: क्रूज में छोटे-बड़े कुल मिलाकर 8 रेस्त्रां बार हैं। इसके अलावा डेक पर 24 घंटे खुली रहने वाली कॉफी शॉप भी है। यहां अलग-अलग टेस्ट की कॉफी पीने का लुत्फ उठा सकते हैं। इसके अलावा मेहमानों की पसंद की अलग-अलग वैरायटीज की डिश भी क्रूज में खाने को मिलेंगी। क्रूज में एक स्विमिंग पूल, आधुनिक लाउन्ज भी है। क्रूज को खूबसूरत पेटिंग और तस्वीरों से सजाया गया है। इसमें एक तरफ का किराया 7 हजार से 12 हजार रुपए तक है।

  2. वृंदा क्रूज: सफर के साथ कथकली का उठाएं लुत्फ

    केरल के ओबेरॉय मोटर वेसल वृंदा क्रूज के जरिए आप केरल टूर का मजा दोगुना कर सकते हैं। यह पांच सितारा क्रूज आपको अलेप्पी के निर्मल पानी का एक दिलकश अहसास करवाएगा। यहां इसके अलावा कथकली और मोहिनीअट्टम का भी लुत्फ उठा सकते हैं। इस क्रूज पर 4 दिन और 3 रात का खर्च दो वयस्क और 1 बच्चे के लिए 1.33 लाख रुपए आएगा।

  3. केरल : क्रूज से 12 किमी की सुकूनभरी सैर

    केरल शिपिंग एंड इनलैंड नेविगेशन कॉर्पोरेशन आपको क्रूज की सफारी का शानदार मौका उपलब्ध कराता है। अरब सागर में कोच्चि से एक मिनी डीलक्स क्रूज सेवा सागर रानी समंदर में 12 किलोमीटर की सैर कराएगा। समंदर में दो घंटे की यात्रा करने के दौरान आपको आकर्षक नजारे भी देखने को मिलेंगे। यही नहीं, आपने इस यात्रा के लिए जो 350 रुपए अदा किए हैं, उसी में आपको नाश्ता (स्नैक्स वगैरह) भी दिया जाएगा। शाम के वक्त आप डूबते सूरज का खूबसूरत नजारा भी देख पाएंगे।

    90 लोगों के बैठने की व्यवस्था: जहाज पर एक मिनी रेस्त्रां भी है। वैसे तो इस यात्रा का शुल्क प्रति व्यक्ति महज 350 रुपए है, लेकिन सप्ताहांत पर या किन्हीं खास मौकों पर शुल्क बढ़ सकता है। इस जहाज में 90 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यात्रियों की सुविधा और जरुरत के लिए जहाज पर 10 क्रू मेंबर्स भी मौजूद रहते हैं। आप भी अपने दोस्तों या परिवार के सदस्यों के साथ समंदर की सैर करते हुए सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो जरूर इस क्रूज की सवारी करें।

  4. कोस्टा नियो क्लासिका क्रूज

    यह क्रूज भारत में पश्चिमी तट से 3 से 7 दिनों की क्रूज यात्रा कराता है। मुंबई से शुरू होने वाली यह यात्रा 4 रातों में आपको कोच्चि तक लेकर जाती है और अगली 3 रातों में यह मालदीव की राजधानी माले तक पहुंचाती है। इसके अलावा आप अपनी इच्छानुसार, मंगलुरु और कोच्चि तक की भी यात्रा कर सकते हैं। इस दौरान आप प्राचीन बीच, कई मंदिरों और सेंचुरीज का मजा ले सकते हैं। इस क्रूज पर आपको स्पा, कैसिनो, जकूजी और मूवी थियेटर भी मिलेंगे। इस क्रूज पर 8 दिन और 7 रात का खर्च दो वयस्क और 1 बच्चे के लिए 22 हजार रुपए आएगा।

  5. एमवी परमहंस पर विवाडा क्रूज

    सुंदरबन के जंगलों में मैंग्रोव के पेड़ दुनिया का सबसे बड़ा इको सिस्टम है। विवाडा क्रूज पर आप चार दिनों का आनंद ले सकते हैं। यह क्रूज सुंदरबन टाइगर रिजर्व के जंगलों के बीच से गुजरता है। इस क्रूज पर 4 दिन और 3 रात का खर्च दो वयस्क और 1 बच्चे के लिए करीब 90 हजार रुपए के आसपास आएगा। 9 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 20% किराया कम है।

  6. गेटवे ऑफ नॉर्थ-ईस्ट एमवी महाबाहु क्रूज से देखें काजीरंगा नेशनल पार

    यदि आपको नॉर्थ-ईस्ट की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखना है। तो आपके लिए क्रूज की वारी करना सबसे बेहतर विकल्प होगा। ब्रह्मपुत्र नदी और आसपास आने वाले पहाड़ों के दृश्य को देखकर निश्चित ही आपको यह अहसास होगा कि देश का यह पूर्वोत्तर क्षेत्र कितना खूबसूरत है। यह क्रूज आपको उत्तर-पूर्वी भारत की लोकप्रिय जगहों के दर्शन करवाता है। इस क्रूज पर दो रात से लेकर 7 रात तक की यात्रा की जा सकती है। यदि आप यहां जाएं तो पहले से ही बुकिंग करा सकते हैं। साथ ही चार्जेस के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यहां क्रूज की सवारी के लिए अलग-अलग पैकेज उपलब्ध हैं। इस क्रूज का मुख्य आकर्षण काजीरंगा नेशनल पार्क और पीकॉक आइलैंड हैं। काजीरंगा पार्क में आपको हरे-भरे पेड़ों के बीच वन्यजीव प्राणी विचरण करते मिल जाएंगे। इन वन्यजीवों के क्रियाकलापों को देखना और अपने कैमरे से फोटो लेना आपके लिए यादगार अनुभव रहेगा।

Haryana 24x7

Overlook INDIA is one of the latest Hindi news portals through which you can get all updated local Delhi based, national and international news round the clock. In order to get more information, you may visit at overlook.co.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *