बल्लभगढ़। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को सेक्टर-65 में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसे छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरी ओर इंटरचेंज का दूसरा अंडरपास बनकर तैयार हो गया है। दोनों अंडरपास को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। अंतरराष्ट्रीय जेवर एयरपोर्ट को फरीदाबाद से जोड़ने के लिए बनने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सेक्टर-65 साहूपुरा गांव के पास इंटरचेंज बनाने का कार्य किया जा रहा है। वहीं, गांव सोतई के पास करीब दो महीने पहले एक अंडरपास बनकर तैयार हो गया था। इसके बाद अब दूसरा अंडरपास भी बनकर तैयार हो गया है। अब दोनों अंडरपास को आम लोगों के लिए भी खोल दिया गया है। इससे 12 से अधिक गांवों के लोगों को राहत मिल रही है।
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले फ्लाईओवर का निर्माण शुरू –
