अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा से पहले दिल्ली में हनुमान जी की एंट्री हो चुकी है। जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी ने हर माह के पहले मंगलवार को सुंदरकांड पाठ का ऐलान किया है। आप के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय से जानकारी दी। वहीं दूसरी तरफ भाजपा नेता मंदिर परिसरों की सफाई कर रहे हैं। क्या पक्ष क्या विपक्ष सभी भक्ति की लहर में डुबकी लगा रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि सबकी सुख शांति और तरक्की के लिए आम आदमी पार्टी दिल्ली में कई जगह सुंदरकांड का पाठ करवा रही है। मैं अपनी धर्मपत्नी के साथ आज मंगलवार दोपहर तीन बजे रोहिणी के मंदिर में सभी भक्तजनों के साथ सुंदरकांड पाठ करूंगा। आप सभी अपनी सुविधानुसार अपने घर के पास होने वाले पाठ में आमंत्रित हैं। उन्होंने बताया कि आप सुंदरकांड के पाठ का आयोजन पहले विधानसभा स्तर पर करेगी। इसके बाद वार्ड स्तर और फिर मंडल स्तर पर भी किया जाएगा। जब यह कार्यक्रम मंडल स्तर पर होने लगेंगे, तब हर महीने दिल्ली के अंदर 2,600 से ज्यादा जगहों पर सुंदरकांड पाठ का कार्यक्रम होने लगेगा। इसके तहत कहीं पर सुंदरकांड होगा तो कहीं पर हनुमान चालीसा का आयोजन किया जाएगा।
दिल्ली : AAP कर रही सुंदरकांड का पाठ,
