नई दिल्ली। सुल्तानपुरी डी ब्लॉक में बीती रात मकान मालिक और किराएदारों के बीच झगड़े में कई लोग घायल हो गए। इस दौरान किराएदारों ने मकान मालिक की बेटी के कपड़े फाड़ दिए। लड़की कपड़े देने की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। पीड़ित लड़की ने इंसाफ नहीं मिलने पर थाने के सामने आत्मदाह की धमकी दी है। सुल्तानपुरी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर तीन आरोपियों अजय, जितेंद्र और विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की क्लिप से अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात सूचना के बाद मौके पर जाकर पता चला कि झगड़ा मकान मालिक व किराएदारों के बीच है। पुलिस ने दोनों पक्षों से घायलों बेबी, पूजा, उसके भाई अजय और गुलाब को अस्पताल में भर्ती कराया। पूजा ने पुलिस को बताया कि घर के सामने ही रहने वाले किराएदारों ने तीन माह से किराया नहीं दिया है। इसलिए उन्हें मकान खाली करने को कहा था, लेकिन वे नहीं मान रहे थे। इस बात को लेकर उनके बीच विवाद था। बृहस्पतिवार को इसी बात पर कहासुनी होने के बाद दोनों पक्ष भिड़ गए। आरोप है कि किराएदारों ने लाठी-डंडों से मकान मालिक के परिवार के सदस्यों की पिटाई कर दी और उनकी बेटी के कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।