पीजीआई के अनुबंधित सफाई कर्मचारी सोमवार को हड़ताल पर चले गए। सफाई का काम देख रही निजी कंपनी के एक अधिकारी को हटाने की मांग को लेकर यह हड़ताल की गई है। इससे संस्थान की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सोमवार को कोई एक अनुबंधित कर्मचारी विजय पार्क में इकट्ठा हुए। यहां इन्होंने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। इस संबंध में संस्थान प्रबंधन को 72 घंटे का नोटिस जारी किया था। इस समय अवधि में उनकी मांग का समाधान नहीं किया गया। इसके चलते सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल का मार्ग अपनाया। दोपहर करीब साढे बारह बजे संस्थान प्रबंधन ने कर्मचारियों के एक प्रतिनिधि मंडल को बातचीत के लिए बुलाया। यहां देर तक उनकी बातचीत जारी रही।