हरियाणा के भिवानी में कितलाना टोल पर रविवार को सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत आयोजित की गई। इसमें संयुक्त किसान मोर्चा नेता राकेश टिकैत और जलपुरुष राजेंद्र सिंह समेत विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। करीब छह घंटे चली महापंचायत में मुख्य रूप से पांच प्रस्ताव पास हुए, जिनमें सबसे अहम हिंदू-मैरिज एक्ट में संशोधन और लव व कोर्ट मैरिज में परिजनों की सहमति जरूरी करना है। इसके अलावा महापंचायत में सामाजिक कुरीतियों को लेकर मंथन किया गया और वक्ताओं ने अपने सुझाव दिए।
जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने कहा कि जाति पाति का बंधन तोड़कर ही समाज आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि हम सबको एक होकर देश को उन्नति के पथ पर आगे बढ़ाना है। समाज में महिलाओं का विशेष स्थान है, इसलिए दहेज प्रथा की कुरीति को रोकना होगा। इसलिए हमें नशा मुक्त भारत का निर्माण करना होगा। महंत राजेंद्रदास ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों से हर ओर निराशा है। भारत विश्व गुरु रहा है लेकिन आज ऋषियों मुनियों की धरती पर बुराइयों का बोलबाला है, जिनको रोकने के लिए दृढ़ संकल्प लेना होगा।
नशे व अपराध ने युवाओं को बेड़ियों में जकड़ा : सांगवान
सर्वजातीय सांगवान खाप के प्रधान और विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि जाति पाति के जहर से समाज में बिखराव हो रहा है। नशे व अपराध ने युवाओं को बेड़ियों में जकड़ लिया है। दहेज प्रथा और भ्रूण हत्या की बुराई को खत्म करने की जरूरत है। लव मैरिज पर चिंतन करना चाहिए और माता-पिता की सहमति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन सब बुराइयों को एकजुटता से खत्म करना चाहिए।