श्रीलंका में भव्य सीता माता मंदिर का होगा निर्माण: कमलनाथ

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि श्रीलंका में भव्य सीता माता मंदिर का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए मध्यप्रदेश और श्रीलंका के अधिकारियों की एक समिति बनाई जाएगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कमलनाथ आज मंत्रालय में जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधि-मंडल के साथ हुई बैठक में चर्चा कर रहे थे। बैठक में महाबौद्धी सोसायटी अध्यक्ष बनागला उपतिसा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मंदिर निर्माण और सांची में अंतरार्ष्ट्रीय स्तर का बौद्ध संग्रहालय, अध्ययन एवं प्रशिक्षण केन्द्र बनाने के लिए शीघ्र ही योजना बनाएं और उसका क्रियान्वयन करें।

कमलनाथ ने कहा कि श्रीलंका में सीता मंदिर के भव्य निर्माण के लिए शीघ्र ही एक समिति बनाएं, जिसमें मध्यप्रदेश एवं श्रीलंका सरकार के अधिकारियों के साथ महाबौद्धी सोसायटी के सदस्य भी शामिल हों। यह समिति मंदिर निर्माण के कार्यों पर सतत् निगरानी रखेगी, जिससे समय सीमा में मंदिर का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि मंदिर के डिजाइन को अंतिम रूप दिया जाए और इसके लिए इसी वित्तीय वर्ष में आवश्यक धन राशि भी उपलब्ध करवाई जाए, जिससे मंदिर का निर्माण शीघ्र हो सके।

मुख्यमंत्री ने सांची में बौद्ध संग्रहालय, अध्ययन एवं प्रशिक्षण केन्द्र बनाने के लिए आवश्यक भूमि आवंटित करने के साथ ही यहाँ पर अंतरार्ष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए शीघ्र ही कार्य-योजना बनाई जाए। उन्होंने बताया कि महाबोद्धी सोसायटी के अध्यक्ष तथा जापान और अन्य देशों की कई कंपनियों और अन्य संस्थाओं ने सांची में विभिन्न संरचनाओं के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता देने की पेशकश की है।

जनसम्पर्क मंत्री पी सी शर्मा ने हाल ही में श्रीलंका यात्रा के दौरान सीता मंदिर के निर्माण के संबंध में वहां की सरकार से हुई चर्चा की जानकारी दी। शर्मा ने कहा कि अगर बेहतर वायु सेवाएं उपलब्ध हों, तो श्रीलंका सहित बौद्ध धर्म को मानने वाले अन्य देशों में रह रहे श्रद्धालुओं को सांची आने में सुविधा होगी। इसी तरह, मध्यप्रदेश के लोगों को भी सीता मंदिर के दर्शन करने में आसानी होगी।

admin2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *