दिल्ली चुनाव 2020 : टिकट कटने से नाराज ‘आप’ के ये 5 बागी मैदान में उतरे

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 (Delhi Assembly Elections 2020) के लिए बिगुल बज गया है। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के साथ ही भाजपा और कांग्रेस भी सत्ता प्राप्ति के लिए संघर्ष कर रही हैं। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 11 फरवरी को होगी।

टिकट कटने से नाराज आम आदमी पार्टी के 15 विधायकों में से पांच ने चुनाव मैदान में ताल ठोक दी है। बाकी कुछ लोगों ने पार्टी से किनारा कर लिया है तो कुछ पार्टी के उम्मीदवार के साथ प्रचार में नजर आ रहे हैं। कुछ को मनाने की कोशिश अब भी जारी है। मैदान में नजर आने वाले पांच विधायकों में तीन राजनीतिक दलों के चुनाव चिन्ह पर तो दो निर्दलीय चुनाव लड़ रहें हैं।

आप से नाराज आदर्श शास्त्री कांग्रेस के टिकट पर द्वारका से, एनडी शर्मा बदरपुर में बसपा से, कमांडो सुरेंद्र दिल्ली कैंट से राष्ट्रवादी कांग्रेस से चुनाव लड़ेंगे। वहीं जगदीप सिंह ने हरिनगर और हाजी इशराक ने सीलमपुर से निर्दलीय पर्चा भरा है। कमांडों सुरेंद्र ने आखिरी दिन पर्चा भरा है। उससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री को इस्तीफा भेज दिया था। हालांकि पार्टी नाराज विधायकों को मनाने की कोशिश जारी रखे हुए है। दो वरिष्ठ नेता संजय सिंह और गोपाल राय सीलमपुर से मैदान में उतरे हाजी इशराक को मनाने के लिए पहुंचे। पार्टी को उम्मीद है कि वह जल्द ही पार्टी के साथ खड़े नजर आएंगे।

त्रिनगर से जितेंद्र का टिकट कटा, पत्नी चुनाव लड़ेंगी

आप ने त्रिनगर विधानसभा सीट से जितेंद्र सिंह तोमर का टिकट काट दिया है। अब इस सीट पर उनकी पत्नी प्रीति तोमर चुनाव लड़ेंगी। उम्मीदवारी तय होने के बाद जितेंद्र सिंह ने इस सीट पर नामांकन भी दाखिल कर दिया था। फर्जी डिग्री मामले में तोमर के दोषी पाए जाने और विधायकी रद्द किए जाने के बाद पार्टी ने अपनी साख बचाने के लिए यह फैसला लिया है।

गौरतलब है कि 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को कुल 67 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं भाजपा को तीन सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी थी। इसके अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव में में दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी।

admin2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *