पति ने साथ ले जाने से मना किया तो महिला ने कोर्ट में जहर निगल कर सुसाइड करने का प्रयास किया। महिला को समय रहते अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के पास सिविल अस्पताल से सूचना आई तो पुलिस बयान लेने पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में जहर निगल कर सुसाइड का प्रयास करने वाली महिला की मां की शिकायत पर उसके खिलाफ धारा-309 में केस दर्ज किया है।
शहर की न्यू करतापुरा कॉलोनी निवासी एक महिला ने जगाधरी पुलिस को बयान दिए हैं कि उसकी बेटी ने जुलाई 2018 में जगाधरी के ही युवक से घर पर बिना बताए शादी कर ली थी। शादी के बाद वह उसी युवक के साथ दिल्ली में जाकर रहने लग गई थी। वहां पर कुछ समय तक रही और उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करने लग गए। बेटी ने इसकी शिकायत यमुनानगर पुलिस को दी थी।
पुलिस ने इस शिकायत पर बेटी के पति और अन्य पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और धमकी देने का केस दर्ज किया था। यह केस कोर्ट में चल रहा है। इसी केस के संबंध में कोर्ट में तारीख पर आए थे। वहां पर बेटी ने अपने पति को कहा कि वह उसके साथ जाना चाहती है। लेकिन वह उसे ले जाने के लिए तैयार नहीं है। इस पर उसने वहीं पर जान देने की कोशिश की और जहर निगल गया। वह उसे सिविल अस्पताल यमुनानगर में इलाज के लिए ले गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति को पहले भी साथ रहने के लिए मनाने का प्रयास कर चुकी है। लेकिन वे मानने को तैयार नहीं है।