मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। उन्होंने बदरपुर सीट से दो बार विधायक रहे रामसिंह नेताजी सहित कई नेताओं को पार्टी में शामिल कर लिया। आप इसे बड़ी राजनीतिक जीत मान रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इससे पार्टी को अधिक मजबूती मिलेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामसिंह नेताजी, पूर्व सांसद महाबल मिश्र के पुत्र और कांग्रेस से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रह चुके विनय कुमार मिश्र समेत कई नेता सोमवार को आप में शामिल हुए।
इन्हें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सदस्यता दिलाई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान केजरीवाल ने कहा, हम पार्टी में शामिल होने पर इनका तहेदिल से शुक्रिया करते हैं। मुझे यकीन है कि सभी लोगों के शामिल होने से दिल्ली में संगठन को अधिक मजबूती मिलेगी और हम दोगुनी ताकत के साथ दिल्ली की जनता के लिए विकास के कार्य कर सकेंगे।
- ये नेता भी आप में हुए शामिल
- रामसिंह नेताजी के साथ कांग्रेस नेता व पूर्व पार्षद हेमचंद गोयल, रत्नेश भाटी, बदरपुर से निगम पार्षद पवन कुमार, शिवेंद्र नागर, राजेश कुमार, पूर्व निगम प्रत्याशी संजय प्रधान।
- विनय कुमार मिश्र के साथ कांग्रेस नेता लल्लन शर्मा।
- बीएसपी नेता व रोहिणी वार्ड से निगम पार्षद जय भगवान उपकार।
- पुराना सीलमपुर से कांग्रेस के दीपू चौधरी।
- कृष्णा नगर ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष जुगल अरोड़ा।
- कांग्रेस नेता प्रताप सिंह प्रधान।
- हरी नगर से कांग्रेस नेता व पूर्व निगम पार्षद राजकुमारी ढिल्लो।
आप में शामिल होने के बाद विनय मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल की सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर आप में आया हूं। टिकट के लिए मेरी बात नहीं हुई है। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। मेरे पिता महाबल मिश्र मेरे फैसले से नाराज हैं। मैं उन्हें मनाने की कोशिश करूंगा।
वहीं, रामसिंह नेताजी ने कहा कि वह केजरीवाल सरकार के कामकाज से सभी प्रभावित हैं। यह सरकार सही मायने में जनता के लिए काम कर रही है। मैं भी सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर पार्टी में आया हूं। मेरी टिकट के लिए कोई बात नहीं हुई। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी तरह निभाऊंगा।
मीडिया से मिली जानकारीः महाबल मिश्रा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद महाबल मिश्र ने कहा कि बेटा विनय रविवार को अपने साढू के घर गाजियाबाद के इंदिरापुरम गए थे। वहां से सोमवार दोपहर वे आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने के लिए निकले। जब मीडिया से इस बारे में जानकारी मिली, तो मैंने उनसे बात की। विनय ने मुझे बताया कि पापा आपने हमें बहुत कुछ दिया है। मैं भी अब 37 वर्ष का हो गया हूं। यह निर्णय मुझे लेने दें और मेरे उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दीजिए।