चंडीगढ़। ऐलनाबाद विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला ने बताया कि इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से सलाह कर संगठन में बदलाव किया है। उन्होंने इनेलो प्रदेशाध्यक्ष बीरबल दास ढालिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक नफे सिंह राठी को दी गई है। इससे पहले बीरबल दास ढालिया प्रदेशाध्यक्ष थे।
नफे सिंह राठी हरियाणा विधानसभा में दो बार विधायक रह चुके हैं और हरियाणा की पूर्व विधायक एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं। राठी एक बार लोकसभा चुनाव में भी रोहतक सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इतना ही नहीं नफे सिंह राठी दो बार बहादुरगढ़ नगर परिषद के चेयरमैन भी रह चुके हैं और कुश्ती संघ (भारतीय सैली) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।