पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा में पिछले पांच दिन के दौरान 52.6 मिमी (एमएम) औसत बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो जाएगा।10 जनवरी तक यमुनानगर में सर्वाधिक 121.9 और पंचकूला में 100.7, अंबाला में 82.2, गुरुग्राम में 77.8 व नूंह में 74.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश का दौर थमते ही सोमवार को न्यूनतम तापमान में 6.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लगातार पांच दिन से चल रही बारिश से सोमवार को राहत मिली। दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। हालांकि बादलों का आना जाना लगा रहा। इस दौरान धूप भी निकली। सुबह आढ़े आठ बजे तक पंचकूला में 40, यमुनानगर (केवीके) में 34.6, अंबाला में 16.3 और सोनीपत में 6.1 एमएम औसत बारिश हुई।
जनवरी माह में हुई औसत बारिश
वर्ष बारिश
2022 52.6
2021 15.5
प्रदेश में लगातार बारिश के चलते कुछ फसलें और सब्जियां खराब होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। पानी जमा होने के चलते सरसों, तोरिया और सब्जी वाली फसलों में नुकसान हुआ है। भारतीय किसान यूनियन ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कृषि मंत्री जेपी दलाल को पत्र लिखकर विशेष गिरदावरी की मांग की है।
हथिनी कुंड बैराज में पहुंचा 15899 क्यूसिक पानी
पहाड़ों पर हो रही बारिश से हथिनी कुंड बैराज के जलस्तर में दोगुना इजाफा हुआ है। सोमवार को बैराज पर कुल पानी 15899 क्यूसिकदर्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने से पनबिजली परियोजनाओं को फायदा होगा वहीं यूपी को भी पर्याप्त पानी मिल पाएगा।